संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। कोहंड में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे चलने से एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया, जहां से तीन की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें पानीपत रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोहंड के मूनक रोड स्थित एक खाली जमीन को लेकर गांव के रतनलाल और मदनलाल पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था। रतनलाल ने इस जमीन को लेकर कोर्ट में केस किया था, जिसमें हाल ही में कोर्ट ने रतनलाल के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद सोमवार को प्रशासन की मौजूदगी में रतनलाल को उक्त जमीन का कब्जा दिलवाया गया। झगड़े में रतन लाल, सतीश, सन्नी व कमला घायल हो गए।
इस हमले में रतनलाल समेत उसके परिवार की एक महिला और दो अन्य सदस्य घायल हो गए। ग्रामीणों की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।