संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कार एसेसरीज शोरूम संचालकों ने थाना प्रभारी रामलाल पर बदसलूकी और बेवजह परेशान करने के आरोप लगाए हैं। शोरूम मालिक मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्या रखी।
व्यापारियों ने कहा कि थाना प्रभारी रामलाल दुकानों के बाहर पहुंचकर लोगों को परेशान करते हैं। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से उनका रोजमर्रा का कामकाज प्रभावित हो रहा है और व्यापार करना मुश्किल हो गया है। एसपी ने पूरे मामले को सुनने के बाद शोरूम मालिकों को समाधान का आश्वासन दिया। दूसरी ओर मुगल केनाल एसोसिएशन थाना प्रभारी के समर्थन में उतर आई है। उन्होंने कार्रवाई को निष्पक्ष बताया है। थाना प्रभारी रामलाल ने आरोपों को निराधार बताते हुए दुकानदारों पर ही माहौल बिगाड़ने और व्यवस्था खराब करने के आरोप लगाए है।
कार एसेसरीज शोरूम मालिक यतिन, मन्नू कश्यप सहित व्यापारियों ने बताया कि उनकी दुकानों के सामने अक्सर बाहर से आने वाले लोग गाड़ियां खड़ी करके कहीं और चले जाते हैं। ऐसे में जब दुकानदार किसी वाहन मालिक से गाड़ी हटाने के लिए कहते हैं तो विवाद की स्थिति बन जाती है। जब सिविल लाइन थाना प्रभारी गश्त के दौरान बाहर खड़ी गाड़ियां देखते हैं, तो वह सीधे दुकानदारों से उलझ जाते हैं।
-