माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन इसके बाद मौसम साफ हो गया। दो दिन के बाद धूप खिली तो लोग पार्कों आदि में बैठे नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 30 नवंबर व एक दिसंबर को बादलों की आवाजाही के साथ-साथ बूंदाबांदी व हल्की बारिश भी हो सकती है। जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
सोमवार व मंगलवार को कहीं-कहीं बूंदाबांदी के बाद मौसम में नमी की मात्रा बढ़ गई। जिससे दिन के तापमान में गिरावट आई, लेकिन बुधवार को धूप खिलने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार का अधिकतम तापमान 26.4 तो न्यूनतम तापमान 13.7 रहा। मंगलवार की मध्यरात्रि के बाद से ही घना कोहरा छाने लगा था, जो सुबह को और गहरा गया। जिसके कारण सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। दृष्यता 50 मीटर से कम रहने के कारण लंबी दूरी के वाहनों को भी होटल, ढाबों पर खड़ा करके कोटरा छंटने का इंतजार करना पड़ा। एनडीआरआई के जिला कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार 30 नवंबर व एक दिसंबर को बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी या बारिश की भी संभावना है।