प्रतिबंध के बाद भी सड़कों पर अतिक्रमण जारी है। हालांकि नगर निगम की तरफ से इस दिशा में लगातार अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसके बाद भी दुकानदार अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे। वहीं इसी कड़ी के तहत बुधवार को निगम की टीम ने रेलवे रोड, शादीपुर व वर्कशॉप रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यहां निगम सीएसआई सुनील दत्त ने अतिक्रमण करने के चार और खुले में गंदगी डालने वाले एक दुकानदार का चालान किया। निगम अधिकारियों ने इस दौरान आईटीआई सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं व दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलीथिन में सामान न बेचने के लिए जागरूक किया। वहीं, निगम की टीम ने वार्ड नंबर 12 के शादीपुर में अवैध रूप में चल रही डेयरियों पर भी कार्रवाई की। नालियों में गोबर बहाने वाले डेयरी वालों के गंदगी फैलाने का चालान किया गया।
टीम सबसे पहले रेलवे रोड और वर्कशॉप रोड से अतिक्रमण हटाया फिर रेलवे स्टेशन चौक और वर्कशॉप रोड पर महाराणा प्रताप चौक तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाया गया । इस दौरान चार दुकानदारों के अतिक्रमण करने पर चालान किए गए। इसके बाद निगम की टीम वार्ड नंबर 12 के शादीपुर में पहुंची। सूचना मिली थी कि कुछ डेयरी वाले यहां नालियों में गोबर बहा रहे हैं। जिससे नालियां जाम हो रही थी और पानी की निकासी की समस्या उत्पन्न हो रही थी। उनकी टीम ने शादीपुर में दबिश देकर नालियों में गोबर बहा रहे डेयरी वाले का चालान किया और उन्हें समझाया। इसके अलावा वार्ड 16 की आईटीआई सब्जी मंडी में एसआई सुशील कुमार ने सब्जी विक्रेताओं को प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने के प्रति समझाया गया।