संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दरड़ में हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन हुआ। यह शिविर एक से 30 जून तक 30 दिवसीय रहा। जिसमें विद्यार्थियों ने आधुनिक मूर्ति शिल्प, क्ले मॉडलिंग व हरियाणवी संस्कृति पर आधारित प्रशिक्षण कला सीखी।
शिविर में छठी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रधानाचार्य संजीव कुमार की देखरेख में टाबर उत्सव का आयोजन हुआ। ग्रीष्मकालीन शिविर टाबर उत्सव का उद्देश्य स्कूल के होनहार छात्र-छात्राओं को कला के क्षेत्र में जानकारी देना, मूर्ति शिल्प व क्राफ्ट प्रशिक्षण भी विभिन्न माध्यमों से दिया गया। समापन समारोह पर बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन गांव के सरपंच इंद्रजीत सिंह चीमा द्वारा किया गया।
एसएमसी के प्रधान व बच्चों के अभिभावकों ने प्रदर्शनी को देखा और बच्चों द्वारा किए गए कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान इस उत्सव से विद्यार्थियों का रचनात्मक, कलात्मक विकास तो हुआ ही साथ ही बच्चे इतने समय के लिए मोबाइल के अनावश्यक प्रयोग से भी बचे रहे और बच्चों को अच्छी-अच्छी चीजों को सीखने का मौका मिला। मौके पर विद्यालय के प्रवक्ता शिवराम, संजय कुमार, अमृतलाल, पूनम, मनप्रीत, सुमन, मनीषा लाठर, सीमा राणा मौजूद रहे।