घरौंडा। वार्ड 14 स्थित गुरुद्वारा वाली गली में नल से आने वाले गंदे पानी को पीने की वजह से बच्चे बीमार हो चुके हैं। वार्ड पार्षद सुमित समेत मोहल्ला वासियों ने इसकी शिकायत जन स्वास्थ्य विभाग को दी है। वार्ड नंबर-14 के पार्षद ओंकार शर्मा, निर्जन शर्मा, संतोष ने बताया कि उनके मोहल्ले में पिछले करीब तीन सप्ताह से गंदा पानी आ रहा है। इसे पीने से मोहल्ले में अनेक बच्चे पीलिया, दस्त, उल्टी से ग्रस्त हो चुके हैं। नल से गंदा पानी के आने की शिकायत उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग को भी दी थी लेकिन अभी तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी पानी का सैंपल लेने तक नहीं पहुंचा । इसको लेकर वार्ड वासियों में जन स्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष है।
पार्षद ओंकार शर्मा ने बताया कि उनके वार्ड में पिछले कई सप्ताह से पानी में अनेक प्रकार के दुर्गंध आ रही थी। इससे अनेक बच्चे विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त हो चुके हैं। इस बारे में उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार सूचित किया लेकिन कोई अधिकारी भी मौके पर जांच करने के लिए नहीं पहुंचा। गंदे पानी के सेवन से जन जीवन को खतरा बढ़ता जा रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ विनोद आर्य ने बताया कि इस प्रकार की मौखिक शिकायत मिली है। आज ही वार्ड में पानी के सैंपल भरवा लिया जाएंगे और कोई भी शिकायत होगी तो उसको दूर किया जाएगा।