सिटीजंस ग्रीवेंसीज कमेटी ने ड्रेन नंबर एक की सफाई व रि-मॉडलिंग को लेकर मुख्यमंत्री के करनाल विधानसभा प्रतिनिधि संजय बठला और भाजपा जिला प्रधान योगेंद्र राणा को पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि सीजीसी ने 25 सितंबर 2021 को सीएम को शहर की जलनिकासी के लिए ड्रेन नंबर एक की सफाई एवं रि-मॉडलिंग करने की मांग की थी। उसी समय सीएम ने तत्कालीन डीसी को एक अंतर विभागीय कमेटी के गठन का आदेश दिया था। कमेटी में सीजीसी को गैर सरकारी संगठन के रूप में प्रतिनिधित्व दिए जाने का भी आदेश दिया था लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि आगामी तीन माह में यदि ड्रेेन नंबर एक और मुगल कैनाल की पूरी सफाई नहीं करवाई गई तो बरसाती सीजन में शहर को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ेगा। सीएम के प्रतिनिधि संजय बठला ने कहा कि कार्य चल रहा है। उपायुक्त अनीश यादव से भी बात हुई है। भाजपा जिलाध्यक्ष योगेेंद्र राणा ने कहा कि सीजीसी ने जो मुद्दे उठाए थे उन पर अधिकारी काम कर रहे हैं।
संरक्षक प्रमोद गुप्ता ने कहा कि रेड लाइट जंप करने पर करनाल में पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला जा रहा है, जबकि दिल्ली और चंडीगढ़ में जुर्माने की राशि कम है। इस अवसर पर सीजीसी चेयरमैन एडवोकेट लाजपत राय चुचरा, पूर्व चेयरमैन संदीप लाठर, सड़क सुरक्षा एवं नगर स्वच्छता उप समिति के प्रधान केएल विरमानी और समन्वयक रजनीश चोपड़ा मौजूद रहे।