करनाल। सीईटी की परीक्षा देने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी को अपने प्रवेशपत्र का रंगीन प्रिंट साथ लेकर जाना जरूरी है। प्रवेशपत्र के दोनों पेज एक पृष्ठ पर आगे-पीछे निकले होने चाहिए। इस पर अभ्यर्थी को फार्म में अपलोड की गई फोटो को ही चिपकाना होगा। परीक्षा समय से 45 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
आयोग की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा में जाने से पहले इस प्रवेशपत्र को डाउनलोड करें और उस पर दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। निर्देशों का सख्ती से पालन करें। अभ्यर्थियों को प्रवेशपत्र में दिए गए विवरण/फोटोग्राफ/हस्ताक्षर/पद विवरण आदि की सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए। वे अपने रिकॉर्ड और भविष्य के संदर्भ के लिए प्रवेशपत्र की एक प्रति अपने पास रखें। स्व-सत्यापित प्रवेशपत्र और एक पहचानपत्र जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट आदि भी होना चाहिए। ऐसा न होने पर अभ्यर्थी का परीक्षा केंद्र में प्रवेश रोका जा सकता है। सरकार की ओर से जारी फोटो पहचानपत्र मूल हार्ड कॉपी में प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य है। मोबाइल फोन में फोटोकॉपी/स्कैन की गई प्रतियां स्वीकार्य नहीं हैं।
26 और 27 जुलाई को सुबह के समय की परीक्षा के लिए केंद्रों पर सुबह 7:30 से 9:15 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। 10 बजे से 11:45 बजे तक परीक्षा होगी। शाम के सत्र के लिए 12:45 से 2:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। 3:15 से 5 बजे तक परीक्षा होगी।
मोबाइल, पेन-पेंसिल ले जाने पर भी मनाही
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, घड़ी, बेल्ट, इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण, पेन, पेंसिल, इरेजर, शार्पनर, करेक्टिंग फ्लूइड, अंगूठी, चेन, बाली, नोजपिन, चूड़ियां/कंगन, हार, ताबीज, कड़ा आदि नहीं ले जाने दिया जाएगा। मोबाइल फोन या अन्य सहायक सामग्री/उपकरण पाए जाने पर उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी। एचएसएससी की आगामी परीक्षाओं से वंचित कर दिया जाएगा।
परीक्षा पुस्तिका में दिक्कत 5 मिनट में बताएं
अभ्यर्थी को पहले 5 मिनट में यह सुनिश्चित करना होगा कि उसकी परीक्षा पुस्तिका के सभी पृष्ठ ठीक से मुद्रित हों और परीक्षा पुस्तिका किसी भी तरह से क्षतिग्रस्त न हो। ओएमआर उत्तर पत्रक और परीक्षा पुस्तिका का क्रमांक और कोड एक-दूसरे से मेल खाते हों। परीक्षा शुरू होने के 5 मिनट बाद परीक्षा पुस्तिका को बदला नहीं जाएगा।
अंतिम 30 मिनट में शौचालय की अनुमति नहीं
परीक्षा के पहले और अंतिम 30 मिनट में उम्मीदवार को शौचालय जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
ये हैं निर्देश
- ओएमआर उत्तर पत्रक को मोड़ें, फाड़ें, नष्ट न करें या उस पर कोई निशान न छोड़ें।
- इरेजर, कील, सफेद तरल पदार्थ/व्हाइटनर आदि का उपयोग करना सख्त वर्जित है।
- परीक्षा के दौरान उम्मीदवार को नीला/काला बॉल पॉइंट पेन उपलब्ध कराएगा।
- किसी भी स्तर पर अयोग्य पाए जाने पर उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।
- परीक्षा स्थल की स्थिति पहले ही जांच लें ताकि परीक्षा के दिन समस्या न हो।