नोटबंदी के बाद पैदा हुई पैसे न मिलने की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके लिए प्रशासन की ओर से सभी सरकारी विभागों को कैशलेस करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि लोगों को बैंकों की लंबी कतारों और पैसा न मिलने जैसे झंझट से छुटकारा मिल सके। कई विभागों के मुखियाओं ने तो उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर स्वाइप मशीन लगाने की मांग की है, ताकि नोटबंदी के बाद पैसे की आई समस्या से निजात मिल सके। इसके लिए बिजली निगम, नगर निगम और जनस्वास्थ्य विभाग ने उच्चाधिकारियों को कैशलेस मशीनें भेजने के लिए डिमांड भेज दी है। तीनों विभागों में इसी माह ये मशीनें लग जाएंगी। इसके बाद शहरवासी बिना किसी समस्या के अपना बिल आसानी से जमा करवा सकेंगे।
शहर के अधिकतर लोगों को इन तीन विभागों में टैक्स और बिल देने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसको देखते हुए पिछले दिनों मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सभी जिले के उपायुक्तों को कैशलेस प्रणाली को अपनाने के निर्देश दिए थे। उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ ने 30 अक्तूबर को पंचायत भवन में आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक में सभी अधिकारियों को कैशलेस के बारे में ट्रेनिंग दी थी। इसके बाद तीन विभागों को कैशलेस करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।
नगर निगम में लगेंगी चार मशीनें
नगर निगम में कैशलेस सुविधा से टैक्स के भुगतान के लिए चार काउंटरों पर पोस प्वाइंट ऑफ सेल मशीन लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को डिमांड भेजी गई है। मशीनों के आ जाने के बाद लोग डेबिट और क्रेडिट कार्ड से अपने प्रॉपर्टी टैक्स सहित अन्य टैक्स भी जमा करवा सकेंगे। इससे पहले भी विभाग ऑनलाइन पेमेंट लेता था, लेकिन लोगों को इतनी जानकारी नही थी। निगम आयुक्त ने बताया कि निगम के चार काउंटरों पर इसी सप्ताह चार पोस मशीनें लग जाएंगी।
बिजली निगम ने भेज 15 पोस मशीनों की डिमांड
बिजली निगम में बिल जमा करवाने के लिए लोगों की लंबी लाइनें लगती है। निगम को कैशलेस करने की योजना ने विभाग ने 15 मशीनें लगाने की मांग निगम के उच्चाधिकारियों को भेजी है, ताकि लोगों को आ रही पैसे की समस्या से निजात मिल सके और लोग क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड से अपने बिलों का भुगतान कर सकें। निगम के एसई जेके कांबोज ने बताया कि निगम में कैशलेस प्रणाली को अपनाते हुए निगम के उच्चाधिकारियों को 15 मशीनें भेजने की डिमांड भेजी गई है। जल्दी ही मशीनें आ जाएंगी।
जनस्वास्थ्य विभाग लगाएगा 8 मशीनें
जनस्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारी कर ली है। विभाग ने अलग-अलग स्टेशनों के लिए आठ मशीनों की मांग की है। मशीनें आने के बाद शहर में दो और अलग-अलग कस्बों में एक एक मशीन भेजी जाएगी। इनमें असंध, घरौंडा, निसिंग, इंद्री, नीलोखेड़ी कस्बे शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि इसके अलावा, आनलाइन बिल जमा कराने के लिए पहले से ही दो माह से कार्य चल रहा है।