करनाल। काछवा रोड स्थित कृष्णा राइस मिल में चौकीदार द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने डीएफएससी विभाग के एक इंस्पेक्टर और एक एएफएसओ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि मृतक को एक साल से सैलरी नहीं दी गई थी। इस कारण वह परेशान था। सैलरी के बारे में उसने आरोपी डीएफएससी विभाग के इंस्पेक्टर समीर और एएफएसओ जसबीर को भी कई बार कहा लेकिन उसे सैलरी नहीं दी गई। सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।
गांव हथलाना निवासी जिया राम ने बताया कि उसका भाई महिंद्र (45) काछवा रोड स्थित कृष्णा राइस मिल में चौकीदार था। पिछले एक साल से वह ड्यूटी दे रहा था। रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक उसकी ड्यूटी थी। उसके भाई को समीर ने लगाया था। पिछले एक साल में उसे सैलरी नहीं दी गई। इस बारे में उसने कई बार समीर और जसबीर को भी कहा लेकिन उसके भाई को आश्वासन ही दिया गया। सैलरी नहीं दी गई। जिस कारण उसका भाई कई दिनों से परेशान था। 21 फरवरी की सुबह जब उसका भाई घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने उसके मोबाइल पर फोन किया लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा था। इस कारण वह राइस मिल में पहुंचा तो उसका भाई राइस मिल में मृत पड़ा था। परिजनों ने एसपी से इंसाफ की गुहार लगाई।