करनाल। सीईटी के लिए शनिवार को बसों का संचालन होगा। रूट चार्ट लगाने के लिए शुक्रवार की शाम से ही बसों को सामान्य मार्गों से हटाया गया। इन बसों को पुराना बस अड्डा पर ही रोक दिया गया। इस पर दैनिक यात्रियों ने रोष जताया।
असंध जाने वाले सोनू, प्रवेश, सुरेश और अनिल ने कहा कि सीईटी के लिए अभ्यर्थियों को सुविधा देना अच्छा निर्णय है लेकिन दैनिक यात्रियों की परेशानी को भी ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे के बाद बसों को मार्गों से हटाया जाना चाहिए था। क्योंकि कुछ कार्यालयों की छुट्टी रात 8 बजे होती है, ऐसे में दैनिक यात्री इस समय की बसों से ही अपने घर के लिए जाते हैं।
स्टाफ के लिए बिछवाए गद्दे
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले चालक और परिचालकों को शुक्रवार की रात को बस अड्डे पर ही रोका गया। ऐसे में इनके विश्राम के लिए परिसर में ही गद्दे बिछाए गए। खाने की भी व्यवस्था की गई। नई पुलिस लाइन पर शटल बस सुविधा के लिए रात से ही बसें लगा दी गईं। यहां स्कूल बसों के चालकों व रोडवेजकर्मियों ने कहा कि कर्मचारियों के ड्यूटी आदेश स्पष्ट नहीं हैं। सोने और खाने की व्यवस्था पर भी उन्होंने शंका जताई।