संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मौसम का मिजाज हल्का सर्द होते ही बाजार में जैकेट की खरीदारी तेज हो गई। बाजार में कई तरह की जैकेट देखने को मिल रही हैं। बॉम्बर जैकेट लोगों को सबसे अधिक पसंद आ रही है, जिसे फ्लफी जैकेट भी कहते हैं। दुकानदारों ने उम्मीद जताई है कि एक हफ्ते में उनकी दुकानों पर जैकेट खरीदने के लिए ग्राहकों की संख्या बढ़ जाएगी। इसीलिए दुकानदारों ने नए-नए डिजाइन के जैकेट मंगाने शुरू कर दिए हैं।
ईजी वाॅशेबल है बाॅम्बर जैकेट
कर्ण गेट बाजार में दुकान चलाने वाले अजय ने बताया कि ग्राहकों को सबसे ज्यादा बॉम्बर जैकेट पसंद आ रही हैं। फिलहाल ये तीन अलग-अलग रंगों नीला, लाल और ओशियन वाइट रंग में उपलब्ध हैं। अजय ने कहा कि यह बॉम्बर जैकेट ईजी वॉशेबल है और बजट में भी आती है।
पानीपत से मंगा रहे हैं जैकेट
दुकानदार रितेश ने बताया कि ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए पानीपत से इन जैकेटों के अलग-अलग डिजाइन पहले ही मंगा लेते हैं। इस हफ्ते बॉम्बर जैकेट की सबसे ज्यादा बिक्री हुई है।
वाॅटर प्रूफ है जैकेट
दुकानदार प्रवीण ने बताया कि यह जैकेट कई साल पहनने पर भी खराब नहीं होती है और नई जैसी लगती है। इसमें ऐसा मेटीरियल इस्तेमाल किया जाता है जो लोगों को ठंड से बचाता है। प्रवीण ने बताया कि यह जैकेट वॉटर प्रूफ भी होती है। इसे पहनने पर एक स्टाइलिश लुक मिलता है।
इन राज्यों से आती है यह जैकेट
ग्राहकों को सबसे अधिक लुभाने वाली ये स्टाइलिश बॉम्बर जैकेट जिले में लुधियाना, दिल्ली, जलंधर, पानीपत, मुंबई से मंगाए जा रहे हैं।
बाजार में मिलने वाले अन्य प्रकार के जैकेट और दाम
प्यू लेदर जैकेट - 6,000 रुपये से शुरू
गोट लेदर जैकेट - 8,000 रुपये से शुरू
डक फेदर जैकेट - 5,000 रुपये से शुरू
सैप्रा जैकेट - 4,000 रुपये से शुरू
विंड शिटर जैकेट - 6,500 रुपये से शुरू