माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दानवीर राजा बलि गोशाला बल्ला के पास हांसी ब्रांच नहर में मूनक हेड के पास से शुक्रवार शाम एक युवक का शव मिला है। इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकाल लिया है। पुलिस ने शव को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है। हालांकि देर रात तक शव की पहचान नहीं हो पाई है।
शव मिलने की सूचना मिलते ही अनुमान लगाया गया कि ये शव तीन दिन पहले नहर किनारे से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए भिवानी के युवक का हो सकता है, लेकिन ये शव उनका नहीं मिला। गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि काली टी शर्ट, नीला लोवर पहना हुआ है। शव के दाहिने हाथ पर मां और केआर लिखा हुआ है। पुलिस इसकी जांच के प्रयास कर रही है। प्राथमिक जांच के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। तीन दिन पहले घर से काम के लिए निकले भिवानी के 35 वर्षीय युवक के कपड़े, मोबाइल और एक नोट वीरवार को करनाल में पश्चिमी यमुना लिंक नहर की ब्रांच के पास से मिले थे। आशंका जताई गई कि युवक पानी में कूद गया होगा। लापता युवक की पहचान अजय मोहिला गांव, सिवानी तहसील भिवानी के तौर पर हुई। अजय टंकी बनाने का काम करता था।