संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पानीपत, करनाल व कुरुक्षेत्र में वाहन चोरी करने वाले एक आरोपी समेत दो अन्य को एंटी ऑटो थेफ्ट की टीम ने पकड़ा है। आरोपियों से पुलिस ने चोरी की 18 बाइक बरामद की हैं। जिन्हें करनाल, पानीपत व कुरुक्षेत्र से चोरी किया गया था। एंटी ऑटो थेफ्ट के इंचार्ज रोहताश ने बताया कि उनकी टीम ने 22 अगस्त को प्रवीन कुमार निवासी न्यू वाल्मीकि बस्ती, हांसी रोड करनाल को कमांडो कांपलेक्स नेवल, करनाल के पास से चोरी की एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने करनाल, पानीपत व कुरुक्षेत्र से अकेले ही बाइक चोरी की 18 वारदातों में 18 बाइक चोरी की बात का खुलासा किया।
आरोपी ने करनाल में 7, पानीपत में 5, कुरुक्षेत्र में 6 वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी ने बताया वह बाइक चोरी करने के बाद अपने एक मकान में छिपा देता था। बाद में हुकम सिंह निवासी गांव महमदपुरा जिला करनाल व सुरजीत निवासी गांव नली कलां जिला करनाल को सस्ते दाम पर बेच देता था। इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सुरजीत बाइक मैकेनिक है। वह इन चोरी की बाइकों को खरीदकर अपनी दुकान से ही मुनाफे के साथ बेच देता था और बाद में कागजात देने की बात कहकर ग्राहकों से झूठ बोल देता था या फिर कुछ दिन बाद बाइक ग्राहक के नाम करवाने की बात कहकर उस समय बाइक बेच देता था। आरोपी हुकम सिंह भी चोरी की बाइक को बेचने के लिए यही तरीका अपनाता था। प्रवीण को पहले भी बाइक चोरी के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है, जो फिलहाल जमानत पर था।
स्पलेंडर बाइक ही करता था चोरी
पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रवीण स्पलेंडर बाइक ही चोरी करता था, क्योंकि यह आसानी से अच्छे दाम में बिक जाती थी। आरोपी ने खुलासा किया कि वह एकांत जगह में खड़ी या फिर अधिक भीड़-भाड़ में खड़ी बाइक चोरी करता था। उनमें वह पुरानी चाबी लगाता था और बाइक को सीधे कर चोरी करता था।