करनाल। स्मार्ट सिटी के तहत नमस्ते चौक से मीरा घाटी चौक तक सड़क का विकास एवं सुंदरीकरण प्रोजेक्ट बनकर तैयार हो गया है। डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम में वीरवार को अधिकारियों के साथ बैठक में उपायुक्त एवं करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ निशांत कुमार यादव ने इस प्रोजेक्ट की डिजाइन को देखने के बाद जल्द कार्य शुरू कराने का निर्देश दिए। मीरा घाटी चौक पर 10 मीटर ऊंचा तिरंगा भी लगेगा।
सीईओ ने बताया कि नमस्ते चौक से मीरा घाटी रोड का पुनर्विकास किया जाएगा। हांसी रोड से नमस्ते चौक तक मौजूद सड़क 4 लेन की होगी। इस कार्य का कुछ दिन पहले टेंडर लगाया गया था, जो 4 जनवरी को खुलेगा। यह परियोजना पैदल चलने वालों, गैर मोटर चालित और मोटर चालित वाहनों सहित विभिन्न उपयोग कर्ताओं के लिए एक समान सड़क स्थान बनाने में मदद करेगी। यह स्थान वाहनों के लिए एक आवाजाही गलियारा होने के साथ-साथ शहर के नागरिकों के लिए एक सार्वजनिक क्षेत्र के रूप में भी कार्य करेगा, जिसमें उन्हें लैंड स्केप प्लाजा और बैठने के लिए छायादार जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सड़क के दोनों तरफ साढे़ सात मीटर का द्विमार्गी कैरिज-वे को डिवाइडर के साथ रखा गया है। यह भूमि उपयोग गतिविधियों के लिए दोनों तरफ सर्विस लेन भी प्रस्तावित है और दोनों ओर ही पानी निकासी की ड्रेन बनाई जाएगी। इसके चौराहों पर साइकिल स्टैंड के साथ-साथ सड़क के दोनों ओर भी डेढ़ मीटर चौड़ा साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा।