कुंजपुरा। मारपीट के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस का आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट करते हुए एक होमगार्ड की वर्दी भी फाड़ दी और काबू किए गए आरोपी को भी छुड़ा लिया। पुलिस ने सहायक उप निरीक्षक बंसीलाल की शिकायत पर पिता-पुत्र सहित तीन लोगों को नामजद करते हुए आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच अब इंद्री एएसपी हिमाद्री कौशिक करेंगी।
सहायक उप निरीक्षक बंसीलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करनाल बस अड्डे पर स्थित पुलिस पोस्ट में बतौर प्रभारी तैनात हैं। पुलिस टीम मंगलवार देर शाम मारपीट के एक मामले में आरोपी तनुज वासी सुभरी को गिरफ्तार करने के लिए गांव सुभरी स्थित कुंजपुरा रोड पर रमेश के घर गई थी। टीम में उनके अलावा इएसआई नफे सिंह, होम गार्ड दीपक कुमार व सुरेश कुमार शामिल थे। उन्होंने तनुज को काबू कर लिया था। इस दौरान आरोपी के पिता प्रताप एवं नीरज सहित कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने मारपीट करते हुए आरोपी तनुज को छुड़वा लिया और होमगार्ड दीपक की वर्दी भी फाड़ दी गई। घटना के बाद पुलिस टीम थाना कुंजपुरा पहुंची और थाना प्रभारी कुलदीप सिंह को हमलावरों के खिलाफ शिकायत दी।
वर्जन-
शिकायत के आधार पर तनुज और उसके पिता प्रताप एवं नीरज को नामजद करते हुए सात- आठ अन्य व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने एवं मारपीट कर वर्दी फाड़ने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जाएगी। सख्त कार्रवाई की जाएगी। -हिमाद्री कौशिक, एएसपी इंद्री