फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: फरियाद लेकर पहुंचे, बंद मिला समाधान का दरवाजा

विज्ञापन
हेल्पडेस्क पर कर्मचारी न होने से इधर-उधर भटकते फरियादी। अमर उजाला
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन


करनाल। आमजन की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से आयोजित किया जाने वाला समाधान शिविर सोमवार को अवकाश के कारण नहीं लगाया गया। शिविर स्थल पर शिकायत लेकर पहुंचे फरियादी दिनभर इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन उन्हें कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला। फरियादियों ने कहा कि उम्मीद लेकर आए थे कि आज समस्या का समाधान होगा लेकिन यहां तो कोई भी नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को घोषित अवकाश होने के कारण शिविर का आयोजन नहीं हुआ। हालांकि कई लोगों को इसकी पूर्व सूचना नहीं मिल सकी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे फरियादी निर्धारित समय पर स्थल पर पहुंचे, लेकिन वहां ताला लटका मिला। कुछ लोग घंटों तक इंतजार करते रहे जबकि कुछ निराश होकर लौट गए। फरियादियों में किसी ने पेंशन से जुड़ी शिकायत बताई तो किसी ने राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार की बात कही। कई लोग बिजली-पानी और नगर पालिका से संबंधित मुद्दों को लेकर पहुंचे थे लेकिन शिविर न लगने से उन्हें निराशा हाथ लगी।
विज्ञापन


एक बुजुर्ग फरियादी ने बताया कि वह सुबह ही गांव से बस पकड़कर आए थे। सोचा था आज अधिकारी सुनवाई करेंगे, लेकिन यहां तो कोई मौजूद ही नहीं मिला। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अगर प्रशासन की ओर से अवकाश के चलते शिविर स्थगित करने की पूर्व सूचना सार्वजनिक कर दी जाती तो उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ती। निराश लौटे फरियादियों की मांग है कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने और अवकाश अथवा स्थगन की जानकारी पहले से सार्वजनिक की जाए ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अवकाश के कारण शिविर आयोजित नहीं किया गया। अगली निर्धारित तिथि पर शिविर लगाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।



फरियादियों का कहना

मैं जमीन इंतकाल के मामले में कागजात लेकर आया था। पिछले शिविर में अगली तारीख दी गई थी इसलिए आज फिर पहुंचा। अगर अवकाश था तो कम से कम सूचना बोर्ड पर लगा देते हमारा किराया और पूरा दिन दोनों बर्बाद हो गए। - सतनाम सिंह, फरियादी।
विज्ञापन


सरकार कहती है कि समाधान शिविरों में तुरंत सुनवाई होगी लेकिन यहां तो अधिकारी ही नहीं मिले। हमें पहले से जानकारी मिल जाती तो हमें आने की जरूरत नहीं पड़ती। प्रशासन को सूचना व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। - कारण सिंह, फरियादी।

-
आज सरकारी अवकाश के कारण जिले में समाधान शिविर का आयोजन नहीं हुआ। वीरवार को नियमित समय पर शिविर आयोजित किया जाएगा। - उत्तम सिंह, उपायुक्त।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें