फेरी लगाकर सामान बेचने वाले दो भाइयों पर चाकू से हमला कर तीन हजार रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है। रामनगर थाना पुलिस के अनुसार 20 फरवरी को संतोष निवासी गली नंबर-एक डेहा बस्ती शिव कॉलोनी ने थाना रामनगर में शिकायत दी थी कि वह फेरी लगाकर बाल्टी, टब व पुराने कपडे़ बेचने का काम करता है।
दोपहर के समय वह व उसका छोटा भाई गोपाल दोनों शिव कॉलोनी गली नंबर में सामान बेच रहे थे। उसी समय सामने से दो अज्ञात लड़के आए और उनको चाकू मारकर तीन हजार रुपये व एक मोबाइल छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया था। जांच करते हुए एएसआई जगदीश कुमार ने एक आरोपी तरुण निवासी हांसी रोड करनाल को हांसी चौक से गिरफ्तार किया। आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दूसरे साथी हन्नी निवासी राजीव कॉलोनी के साथ मिलकर वारदात करने का खुलासा किया। 22 फरवरी को दूसरे आरोपी प्रीतपाल सिंह उर्फ हन्नी निवासी राजीव कालोनी को आरोपी के घर से काबू किया गया। संवाद