संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मेयर सुमन बहमनी ने शुक्रवार को निगम अधिकारियों के साथ कैल स्थित कचरा निस्तारण प्लांट व गुलाब नगर डंपिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया। मेयर ने अधिकारियों को कैल कचरा प्लांट के बाहर पड़े कचरे को अंदर करने और व्यवस्थित तरीके से करने के निर्देश दिए। पांच अगस्त को इस प्लांट में कूड़े का निस्तारण न होने और बाहर कूड़ा गिराए जाने का मामला प्रकाशित किया गया था।
डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, ट्रांसपोर्टेशन, अलग करने की व्यवस्था जांचने के लिए मेयर निगम अभियंता राकेश जून, सीएसआई हरजीत सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ जोन नंबर एक में निकली। पहले गुलाब नगर में सफाई व्यवस्था जांची। इसके बाद गुलाब नगर स्थित डंपिंग प्वाइंट पर पहुंची। निरीक्षण में मेयर को डंपिंग प्वाइंट के पास गंदगी पड़ी मिली।
मेयर ने सफाई अधिकारियों को बोलकर डंपिंग प्वाइंट की सफाई कराई और उन्हें निर्देश दिए कि डंपिंग प्वाइंट के आसपास सफाई व्यवस्था बेहतर हो। डंपिंग प्वाइंट पर आने वाले कचरे का रोजाना उठान हो। कचरे से प्लास्टिक, पॉलिथीन, पत्थर, कंकड़ अलग-अलग करके कैल कचरा निस्तारण प्लांट पहुंचाया जाए। डंपिंग प्वाइंट के आसपास लगे पौधों को सुरक्षित रखें।
यहां से मेयर अधिकारियों के साथ कैल कचरा निस्तारण प्लांट पहुंची। निरीक्षण के दौरान मेयर को प्लांट के बाहर सड़क किनारे कचरा पड़ा मिला।