संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पंजाब में डेराबस्सी तहसील के अंतर्गत गांव कूड़ावाला में प्लॉट बेचने के नाम पर व्यक्ति ने थाना व्यासपुर क्षेत्र के गांव कपूरीखुर्द निवासी किसान हरमिंद्र से 10.85 लाख रुपये ठग लिए। व्यासपुर पुलिस ने पंजाब के मोहाली के सुरेश पाल को नामजद कर लिया।
गांव कपूरीखुर्द निवासी 58 वर्षीय किसान हरमिंद्र ने बताया कि पंजाब के मोहाली में रह रहा सुरेश पाल पहले खंड साढौरा के गांव फिरोजपुर में रहता था, जहां सुरेश पाल का गाय-भैंस बेचने का काम था। इसी सिलसिले में वर्ष 2015 से सुरेश पाल से जान-पहचान थी। सुरेश पाल कई वर्ष पहले यहां से मोहाली चला गया।
सुरेश पाल ने वर्ष 2021 में उन्हें बताया कि उसका डेराबस्सी के गांव कूड़ावाला में एक बीघा पांच बिस्वा प्लॉट है, जिसे वह बेचना चाहता है। सुरेश पाल ने उन्हें प्लॉट खरीदने के लिए कहा। तब 18 जून 2021 में प्लॉट देखा। प्लॉट पसंद आ गया, जिसे लेने के लिए सुरेश पाल से बात तय हो गई। उसे बयाने के रूप में दो चैक दिए, जिसमें एक 3.70 व दूसरा 1.80 लाख रुपये का था।
इसके बाद सुरेश पाल से प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए बात की, पर वह टाल-मटोल करने लगा। बाद में सुरेश पाल ने बताया कि प्लॉट पर दस लाख का ऋण है। सुरेश पाल ने उन्हें कहा कि वह ऋण की किस्तें चुका दें, जिसकी राशि प्लॉट की कीमत में समायोजित कर लेंगे।
इस पर वह सुरेश पाल को हर माह ऋण की किस्त नकद राशि में देते रहे। इस तरह 5.35 लाख रुपये किस्तों के नाम पर सुरेश पाल को दिए। दोनों के बीच प्लॉट रजिस्ट्री की तारीख पांच मई 2025 तय थी, पर सुरेश पाल तहसील में नहीं आया। उसके टाल-मटोल करने पर उन्हें शक हुआ, तब वह गांव कूड़ावाला में प्लॉट बारे पता करने पहुंचे और पाया कि सुरेश पाल ने प्लॉट किसी और को बेच दिया है।