संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले के खिलाड़ी अनीश भानवाला ने दो से 15 मई तक भोपाल में आयोजित 24 वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर जिले का नाम रोशन किया है।। अनीश ने प्रतियोगिता के 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट में भाग लिया था। डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित चैंपियनशिप के फाइनल में अनीश ने 31 का स्कोर बनाया।
वहीं मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा ने 28 के स्कोर के साथ रजत और पंजाब के विजयवीर सिद्धू ने शूट-ऑफ के बाद 25 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। फाइनल के क्वालिफिकेशन राउंड में, अंकुर गोयल 583-23x के स्कोर के साथ सबसे आगे रहे थे। वह सूरज शर्मा से मामूली अंतर से आगे थे, जिन्होंने भी 583 का स्कोर किया था, लेकिन उनके 14 इनर टेंस थे। अनीश 582 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर थे। इससे पहले अनीश ने नई दिल्ली में चार से 13 फरवरी आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया था। अनीश भानवाला 574 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर क्वालीफाई किया था।