संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सग्गा गांव स्थित जवाहर निवोदय विद्यालय में 7 हरियाणा बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन कैडेट्स के लिए ट्रैफिक जागरूकता विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग से अजय कुमार ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल व्यक्तिगत सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने का संदेश दिया। शिविर के दौरान कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के गुणों से भी अवगत कराया जा रहा है। परेड, ड्रिल, खेलकूद और अन्य प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर एसएस नेगी, सूबेदार मेजर बलराज सिंह, नायब सूबेदार संदीप कुमार, रोहितासवा, राजेंद्र सिंह, आरएस तोमर, अशोक कुमार, ऋचा शर्मा, मनीष बिसला, प्रतिभा कुमारी, सुदेश सहित अन्य माैजूद रहे।