फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करनालः सीएम मनोहर लाल ने की ऊंट की सवारी, पशुओं-गिरदावरी को लेकर किया बड़ा ऐलान

Sun, 15 Mar 2020 11:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला, करनाल
विज्ञापन
ऊंट की सवारी करते मुख्यमंत्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पशुपालन विभाग की ओर से एनडीआरआई में आयोजित पशु मेले में शनिवार को मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऊंट की सवारी की। सीएम खुली जीप से अवलोकन कर रहे थे। इसी दौरान मेले में नृत्य कर रहे ऊंट पर उनकी नजर पड़ी तो उन्होंने चालक को उसकी तरफ चलने के लिए कहा। ऊंट का नृत्य देखने के लिए दर्शकों का घेरा बना था। सभी दर्शक अपने मोबाइल में वीडियो रिकार्डिंग कर रहे थे।
विज्ञापन


इसी दौरान सीएम की जीप जब भीड़ के चलते आगे नहीं बढ़ पाई तो सीएम खुद नीचे उतरे और ऊंट के पास पहुंचकर उसे दुलारा। सीएम उसकी पीठ पर सवार हुए और उसके बाद उन्होंने ऊंट की सवारी कर मेले का अवलोकन किया। सीएम जब ऊंट पर सवार होकर चले तो इर्द-गिर्द सैकड़ों दर्शक थे। युवाओं ने सीएम को देखकर कहा- मनोहरलाल म्हारे ताऊ

पशु संजीवनी सेवा पहुंचेगी घर-द्वार, बीमार पशुओं को मौके पर मिलेगा उपचार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में बीमार पशुओं के उपचार के लिए पशु संजीवनी सेवा के नाम से मोबाइल डिस्पेंसरी शुरू की जाएंगी, जिससे पशुपालक घर पर ही पशुओं का उपचार करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था जल्द ही शुरू की जाएगी। साथ ही डेयरी फार्मिंग को बड़े व्यवसाय के रूप में स्थापित करने के लिए प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता की मात्रा को बढ़ाकर देश में पहला स्थान हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन


अब हरियाणा में दुग्ध उपलब्धता 1087 ग्राम प्रतिदिन प्रति व्यक्ति व पंजाब में 1181 ग्राम प्रति व्यक्ति दुग्ध उपलब्धता है। हरियाणा दूसरे स्थान पर है। हरियाणा सरकार इसके लिए सकारात्मक कार्य कर रही है। दूध उत्पादन से आमदनी बढ़ाने के लिए प्रदेश में नए-नए संयंत्र लगाए जाएंगे। इनमें दूध को कई दिनों तक संरक्षित रखने के लिए टैट्रा पैक का प्रोजेक्ट होगा। कोई भी व्यक्ति जरूरत पड़ने पर पैकिंग में उपलब्ध दूध को खरीद सकेगा।

इसी प्रकार दूध को ठंडा रखने के लिए बड़े-बड़े मिल्क कूलर लगाए जाएंगे। हिसार में इंडो-इजराइल सहयोग से एक अन्य संयंत्र लगाया जाएगा। प्रदेश में जैविक खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा। उसके लिए योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को पशुपालन विभाग हरियाणा की ओर से एनडीआरआई में आयोजित मेले में बतौर मुख्य अतिथि पशुपालकों को यह जानकारी दी।

पशु पालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं का जिक्र किया

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का सपना अवश्य साकार होगा। अच्छे दुधारू पशु रखने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने की योजना पहले से ही लागू है। इसके तहत अच्छी दूध देने वाली मुर्राह भैंस को विभाग की ओर से 30 हजार रुपये तथा गाय को भी 20 हजार रुपये का ईनाम दिया जाता है। सहकारी दुग्ध समितियों को अलग से गाय व भैंस के दूध पर प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने ऊंट की सवारी कर मेले में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पशुपालकों से मिलकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने रैम्प शो करते हुए पशुओं का प्रदर्शन भी देखा और इसके लिए पशुपालकों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि कृषि और पशुपालन के संयुक्त कार्य से किसान की आय दोगुनी करने के लिए दोनों कार्य को हरियाणा सरकार बढ़ावा दे रही है।

ब्राजील जैसा देश हमारी ही गायों की नस्लों में सुधार करके 70 से 80 किलो प्रतिदिन दूध प्राप्त कर रहा है, परंतु हम क्यों नहीं। प्रदेश में ब्राजील से लाई गई पशु गर्भाधान की नई तकनीक सेक्स सोर्टिड सीमन से 80 से 90 प्रतिशत बछड़ियां पैदा होंगी। इस सीमन की कीमत पहले प्रदेश में 800 रुपये प्रति गर्भाधान थी, अब इसकी कीमत 200 रुपये रखी गई है जो देश में सबसे कम है।

उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व कुरुक्षेत्र गुरुकुल में प्राकृतिक खेती के प्रयोग को लेकर एक कार्यशाला हुई थी जिसमें बताया गया था कि रसायनिक खादों की जगह गोबर और मूत्र के मिश्रण की खाद खेतों में डालने से प्राकृतिक खेती होती है। सरकार ने निर्णय लिया है कि जो किसान ऐसी खेती करेगा उसे प्रोत्साहित किया जाएगा।

खराब फसलों की गिरदावरी करवाकर करेंगे नुकसान की भरपाई

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कोरोना वायरस से डरने की नहीं, बल्कि सावधानी की जरूरत है। इस वायरस से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने सभी जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। बढ़ते वायरस को देखते हुए आने वाले दिनों के लिए कोई भी रैली और जनसभा नहीं करने का निर्णय लिया है।

एनडीआरआई में पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित पशु मेले में सीएम ने यह बात कही। उन्होंने भारी वर्षा के कारण फसल के खराबे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए गिरदावरी के निर्देश दिए गए हैं। यह प्राकृतिक आपदा है, हरियाणा सरकार किसानों के साथ खड़ी है।

किसानों को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं। उनके उचित नुकसान की भरपाई की जाएगी। बोर्ड परीक्षा में नकल के सवाल पर सीएम ने कहा कि हरियाणा शिक्षा बोर्ड द्वारा नकल रोकने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं, जो भी शिक्षक नकल करवाने में संलिप्त पाया जा रहा है, उसके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। कई शिक्षकों को सस्पेंड भी किया गया है।
विज्ञापन

छोटे व्यवसाय के रूप में शुरू की भेड़-बकरी पालन योजना

कृषि एवं पशुपालन मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि पशुपालकों के कल्याण के लिए किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर पशुपालक क्रेडिट कार्ड बनाए जा रहे हैं। इस कार्ड से पशुपालक चार प्रतिशत ब्याज पर तीन लाख रुपये तक की पूंजी का ऋण ले सकता है। मंत्री ने विभाग की ओर से एनडीआरआई में आयोजित पशु मेले में विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पशु बीमा योजना में अब तक दो लाख 48 हजार पशुओं का बीमा किया जा चुका है जो एक रिकार्ड है।

सभी पशुओं का बीमा किया जाएगा और अगले वर्ष करीब 10 लाख पशुओं का बीमा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे किसान का जोखिम कम होगा और किसी पशु की मृत्यु होने पर वह बीमा राशि से दोबारा पशु खरीद सकेगा। सरकार ने छोटे व्यवसायियों के लिए भेड़-बकरी पालने की योजना भी शुरू की है। जरूरतमंद पशुपालक 20 से 25 भेड़-बकरी लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकता है। अगले वर्ष इस योजना में लाभार्थियों का दायरा बढ़ाने का लक्ष्य है।

पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन एवं चरखी दादरी के विधायक सोमवीर सांगवान, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग के महानिदेशक ओपी छिक्कारा ने बताया कि मेले में करीब 8500 पशु पहुंचे हैं। पशुओं की अलग-अलग 53 श्रेणियां बनाकर उनकी उत्कृष्टता का मुकाबला करवाया गया है। मुकाबले में श्रेष्ठ रहे पशुओं के मालिकों को 36 लाख रुपये के पारितोषिक वितरित किए जाएंगे। इस मौके पर सांसद संजय भाटिया, डीसी निशांत कुमार यादव, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद व अन्य उपस्थित रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें