ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल की दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम खराब आने पर नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को करनाल जिले के इंद्री स्थित चोर पुरा गांव के स्कूल पर ताला जड़ दिया। इस दौरान लोगों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने अध्यापकों पर समय से स्कूल न आने व बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान न देने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने करीब दो घंटों तक स्कूल पर ताला लगाए रखा। बाद में ग्रामीणों ने स्कूल इंचार्ज बबीता के आश्वासन पर ताला खोला।
सवा माह की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद शुक्रवार को जब स्कूल खुले तो ग्रामीणों ने पहले ही दिन स्कूल पर ताला जड़ दिया। पंचायत सदस्य प्रमोद, दीपक, रमेश और संदीप ने बताया कि अध्यापकों का बच्चों की पढ़ाई की तरफ ध्यान नहीं है, वे सिर्फ टाइम पास करने के लिए स्कूल आते हैं। इससे गांव के बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अध्यापक कभी भी स्कूल टाइम पर नहीं आते तथा कक्षाओं में मोबाइल पर चैटिंग करने व फेसबुक चलाने में व्यस्त रहते हैं। बच्चों को पढ़ाने की तरफ उनका ध्यान नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की दसवीं कक्षा में कुल 27 बच्चों में से केवल सात बच्चे ही पास हुए हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत के सभी सदस्यों ने मिलकर स्कूल में बच्चों को दाखिल करवाया है, लेकिन अध्यापकों ने फिर से लापरवाही शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने कहा कि वे शिक्षा के नाम पर कोई कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि चोर पुरा गांव के स्कूल पर ग्रामीणों द्वारा ताला लगाने की सूचना मिली है। इसके लिए एक जांच कमेटी बनाई है। जो लोगों से बातचीत कर समस्या का समाधान करेगी। इस संबंध में स्कूल के मुखिया से भी लिखित में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।