संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गुढ़ा गांव में कब्रिस्तान की दीवार गिराने और कब्रों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने रोष जताया। आरोप है कि पंचायत की ओर से यह कार्रवाई बिना अनुमति की गई और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसको लेकर ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और शिकायत सौंपी। थाना घरौंडा में भी शिकायत दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
गुढ़ा गांव के शिकायतकर्ता यासीन, आसिफ अली, सलीम सहित अन्य ने बताया कि करीब 20 साल पहले तत्कालीन सरपंच ओम प्रकाश ने श्मशान की जगह के बदले कब्रिस्तान की दीवार बनवाई थी। उनका आरोप है कि गांव के वर्तमान सरपंच प्रतिनिधि अजय ने कब्रिस्तान की दीवार को गैरकानूनी तरीके से गिरवा दिया और जेसीबी से कई कब्रों को नुकसान पहुंचाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इससे गांव का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। एक विशेष समुदाय के स्थल की दीवार तोड़ने की शिकायत समुदाय के लोगों ने एसडीएम व पुलिस को दी है। मामले की जांच की जा रही है। लोगों ने एसडीएम राजेश सोनी को शिकायत दी है कि ग्राम पंचायत ने उनके एक स्थल की दीवार तोड़ दी है। इससे समुदाय के लोगों में भारी रोष है। समुदाय के लोगों का कहना है कि इससे धार्मिक भावनाओं पर ठेस पहुंची है। मामले की जांच व ग्राम पंचायत के खिलाफ की मांग को लेकर एसडीएम राजेश सोनी व पुलिस को शिकायत दे गई है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक पुलिस ने किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि गांव गुढ़ा से एक स्थल की दीवार तोड़ने की शिकायत मिली है। पुलिस जांच कर रही है।