माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शिक्षा विभाग के विशेष कार्यक्रम मिशन बुनियाद के तहत संपन्न हुई पहले चरण की परीक्षा के बाद अब विद्यार्थियों को इसके परिणाम का इंतजार है। परिणाम 20 जनवरी को जारी होगा। इसके बाद विद्यार्थी दूसरे चरण की परीक्षा में हिस्सा लेंगे, जोकि 30 जनवरी को होनी प्रस्तावित है।
विदित हो कि पहले चरण की परीक्षा में कुल 3460 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से ही दोनों चरणों में सफलता पाने वाले चुनिंदा विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। जिला शिक्षा सुदेश रोहताश वर्मा के अनुसार, बुनियाद केंद्र पर विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी ऑनलाइन माध्यम से विकल्प संस्थान की ओर से चयनित विद्यार्थियों की करवाई जाती है। करनाल में पांच केंद्र संचालित हैं। चयनित विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन सामग्री वर्दी यातायात सुविधाएं इत्यादि का प्रबंध विभाग की ओर से किया जाएगा।
नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ दीपक वर्मा ने बताया कि बुनियाद योजना के तहत कक्षा नौवीं में पढ़ने वाले परीक्षार्थी चयनित होने पर दो साल के निशुल्क एनटीएसई, किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना व कक्षा 10वीं तक की प्रतियोगिताओं के लिए निशुल्क तैयारी करेंगे। विकल्प फाउंडेशन की ओर से विशेष शिक्षक इन विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाएंगे। खंड स्तर पर परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थी जिला स्तर की परीक्षा में हिस्सा लेंगे। विदित हो कि 26 दिसंबर को पहले चरण की परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 3460 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। ब्यूरो
पांच स्कूलों में चल रहे केंद्र
मिशन बुनियाद के अंतर्गत शिक्षा विभाग हरियाणा और विकल्प फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पूरे हरियाणा में 103 सेंटर चल रहे हैं। करनाल जिले में पांच स्कूलों में ये केंद्र बनाए गए हैं। इनमें करनाल शहर में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय असंध, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नीलोखेड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंद्री और राजकीय मॉडल संस्कृति माध्यमिक विद्यालय घरौंडा शामिल है। वहीं, योजना के तहत बच्चों को निशुल्क शिक्षा के अलावा किताबें, स्टेशनरी, वर्दी भी दी जाती हैं।
बुनियाद परीक्षा का शेड्यूल
प्रथम चरण का परीक्षा का परिणाम - 20 जनवरी 2026
द्वितीय चरण की परीक्षा - 30 जनवरी 2026
परीक्षा का परिणाम - 25 फरवरी 2026
तृतीय चरण की परीक्षा - 3 अप्रैल 2026
परीक्षा का परिणाम - 5 मई 2026
दाखिले को लेकर काउंसिलिंग -7 मई 2026
नया बैच प्रारंभ -15 मई 2026