माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर यूनियन ने मांगों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक लघु सचिवालय के समक्ष प्रदर्शनकारी महिलाएं डटी रहीं। जहां उन्होंने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी करते हुए सरकार को जमकर कोसा। अपनी हड़ताल के 59वें दिन सुबह आंगनबाड़ी वर्कर्स फव्वारा पार्क में एकत्रित हुईं। यहां से जिला प्रधान रूपा राणा की अध्यक्षता में जुलूस के रूप में लघु सचिवालय पहुंचीं। प्रदर्शन का संचालन जिला सचिव बिजनेश राणा ने किया।
सीटू जिला प्रधान सतपाल सैनी, सचिव जगपाल राणा, उपप्रधान ओपी माटा व कृष्ण चद शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर्स की हड़ताल विभाग के दमन के बावजूद जारी है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लागू करवाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रही है।
उन्होंने कहा कि आठ दिसंबर 2021 से प्रदेश भर की 40 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लागू कराने के लिए संघर्षरत हैं। पीएम ने सितंबर 2018 में वर्कर्स के मानदेय में 1500 रुपये और हेल्पर्स के मानदेय में 750 रुपये बढ़ाने की घोषणा की थी। वहीं मुख्यमंत्री ने भी मार्च 2018 में विधानसभा सत्र में वर्कर्स को कुशल व हेल्पर्स को अकुशल कर्मचारी का दर्जा देने और मानदेय को महंगाई भत्ते से जोड़ने की बात कही थी। मौके पर पिंकी, कविता, कमलेश, रीना, सुदेश, अजवेश राणा, सरोज, नीलम, शीला, राजरानी, मंजू बवेजा, ममता, रेनू, सुनीता और रेखा मौजूद रहे।