करीब 57 दिन से अपनी मांगो के समर्थन में आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने कमेटी चौक पर मानव शृृंखला बनाकर सरकार को चेताया। उनका कहना था कि सरकार उनके लंबे आंदोलन को देख कर उन्हें कमजोर समझने की कोशिश न करे। समय के साथ उनका आंदोलन और मजबूत हुआ है। इससे पहले कर्ण पार्क में जिला प्रधान रूपा राणा की अध्यक्षता और जिला सचिव बिजनेश राणा के संचालन में वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने सभा की। जिसके बाद कर्ण पार्क से लेकर कमेटी चौक तक प्रदर्शन किया गया।
सीटू जिला प्रधान सतपाल सैनी, सचिव जगपाल राणा, उपप्रधान ओपी माटा, सुशील गुर्जर व कृष्ण शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी की हड़ताल के दौरान दमन के बावजूद सभी के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि आठ दिसंबर 2021 से प्रदेश भर की 40 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स प्रधानमंत्री द्वारा सितंबर 2018 में वर्कर्स के मानदेय में 1500 रुपये व हेल्पर्स के मानदेय में 750 रुपये बढ़ोतरी की घोषणा और मुख्यमंत्री द्वारा मार्च 2018 में विधानसभा सत्र में वर्कर्स को कुशल व हेल्पर को अकुशल कर्मचारी का दर्जा व मानदेय को महंगाई भत्ते से जोड़ने की दोनों घोषणाओं को लागू करने की मांग कर रही है।
दोनों वर्कर्स व हेल्पर्स का हक है जो खुद केंद्र व प्रदेश की सरकार के मुखियाओं ने दिया था। हरियाणा सरकार उक्त घोषणाओं को लागू करने के बजाय हड़ताली आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स को बर्खास्त कर रही है। मौके पर सेवा राम, बलराज सिंह, अशोक अरोड़ा, सुदेश, कविता, शिमला, कमलेश, रीना, सरोज, नीलम मौजूद रहे।