घरौंडा। आंखों की दवाई लेने आई बुजुर्ग महिला को बाइक सवार दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। महिला ने उन्हें अस्पताल का रास्ता बताने के लिए गर्दन घुमाई तो बाइक से उतरे युवक ने उसके बाएं कान से सोने की बाली तोड़ ली और भाग गए। सर्विस रोड पर पुराने बस स्टैंड के समीप शुक्रवार सुबह 11.41 बजे वारदात हुई।
पुलिस के अनुसार, गांव कल्हेड़ी निवासी सुनहरी शुक्रवार को घरौंडा में आंखों की दवाई लेने आई थी। वह पुराने बस स्टैंड के पास सर्विस रोड पर पहुंची तो बाइक सवार दो युवकों ने बस क्यू शेल्टर के नजदीक उसे आवाज देकर रोक लिया। पीछे बैठे युवक ने अस्पताल का पता पूछा। महिला को सही पता मालूम नहीं था। वह युवकों से बात कर रही थी, तभी एक युवक ने अचानक उसके कान पर झपट्टा मारकर सोने की बाली तोड़ ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी भागने लगे। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बाली तोड़ने वाला युवक तुरंत बाइक पर नहीं चढ़ पाया। महिला ने पीछा किया लेकिन उसे पकड़ नहीं पाई। आखिर में दोनों भाग गए। सीसीटीवी फुटेज में बाइक चला रहे युवक ने खाकी रंग की कमीज पहनी है।