बारिश के कारण यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। उत्तर रेलवे के दिल्ली-अंबाला ट्रैक पर बारिश के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
करनाल स्टेशन पर आम्रपाली एक्सप्रेस निर्धारित समय से तीन घंटे की देरी से सुबह 08:12 बजे पहुंची। वहीं, फाजिल्का एक्सप्रेस भी डेढ़ घंटे की देरी से शाम 04:30 बजे स्टेशन पर आई। मालवा एक्सप्रेस भी सवा घंटे की देरी से 07:22 बजे पहुंची, जबकि ऊंचाहार एक्सप्रेस 40 मिनट लेट रही।
लोकल ट्रेनों की बात करें तो नई दिल्ली-कुरुक्षेत्र लोकल ट्रेन निर्धारित समय से सवा घंटे की देरी से दोपहर 12 बजे करनाल पहुंची।
वहीं, दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी देरी देखने को मिली। नई दिल्ली स्पेशल फेयर समर एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से पहुंची, जबकि अंबाला-पानीपत लोकल ट्रेन भी एक घंटे की देरी से सुबह 09:33 बजे स्टेशन पर पहुंची।
लगातार बारिश के कारण ट्रैक पर ट्रेनें धीमी गति से चलाई जा रही हैं, जिससे रेलवे समयबद्ध संचालन में असमर्थ साबित हो रहा है। यात्रियों को देरी के कारण स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।