संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अटल कैंसर केयर केंद्र में थायराइड कैंसर के साथ-साथ मरीज के गले में दोनों तरफ गांठों का सफल ऑपरेशन हुआ। कैंसर गले में पूरी तरह से फैला होने के कारण ऑपरेशन बेहद जटिल था। ओंको सर्जन डॉ. अनुज ने अपनी टीम के साथ मिलकर साढ़े छह घंटे में गले में फैली कैंसर की गांठों को निकाला। इस सफल ऑपरेशन से नेपाल निवासी कुक लक्ष्मण दास खतरे से बाहर हैं। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉक्टर अनुज ने बताया कि लक्ष्मण पिछले पांच माह से गले में गांठ से पीड़ित था। पहले तो थायराइड कैंसर के लक्षण थे। बाद में गले के दोनों तरफ गांठें बन गई थी। अटल कैंसर केयर केंद्र में आने के बाद मरीज के सभी टेस्ट करवाए गए थे। ऑपरेशन के दौरान उनके अलावा डॉक्टर वेद पाठक, नर्सिंग ऑफिसर पूजा, ज्योति शामिल थी। अमूमन अस्पताल में थायराइड कैंसर के ऑपरेशन हुए है। इस तरह का ऑपरेशन पहली बार हुआ है। ओंको सर्जन डॉ. अनुज ने बताया कि थायराइड ग्रंथि के पीछे चार छोटी पैराथायराइड ग्रंथियां होती हैं, जो हार्मोन बनाती हैं। यही शरीर में कैल्शियम के स्तर को नियंत्रित करती है और ऑपरेशन के दौरान इन्हें बचाना बेहद जरूरी था। निजी अस्पतालों में इसका लाखों रुपये खर्च आता है लेकिन कैंसर अस्पताल में यह नि:शुल्क हुआ है।
अटल कैंसर केयर सेंटर अपनी स्थापना के मूल उद्देश्य के अनुरूप कैंसर रोगियों की बेहतरीन सेवा के लिए कृतसंकल्प है। भविष्य में भी इसी तरह से मरीजों को बेहतर उपचार दिया जाएगा।