करनाल। शहर के पिंगली चौक निवासी विक्रम सिंह ने अपने पिता रशपाल सिंह के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सूचना देते हुए थाना रामनगर में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि उनका परिवार वीरा नाम की महिला के मकान में किराएदार पर रह रहा था, जो आए दिन किराए को लेकर झगड़ा करती थी और पुलिस केस में फंसाने की धमकी देती थी।
विक्रम सिंह का कहना है कि 17 मई की सुबह वीरा ने उनके बीमार पिता से गाली-गलौज की और मकान खाली करने का दबाव बनाया। इससे आहत होकर उनके पिता घर से ऑटो लेकर चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने फोन कर बताया कि ऑटो नहर के पास है और वे अब घर नहीं लौटेंगे। परिवार को ऑटो तो मिल गया, लेकिन पिता का कहीं पता नहीं चला। परिवार को अनहोनी की आशंका है। ब्यूरो