संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के गुरु ब्रह्मानंद चौक और दून पब्लिक स्कूल के बीच मंगलवार को तेज रफ्तार कार ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए एक मकान के दरवाजे को तोड़कर टायलेट की दीवार में जा भिड़ी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। गाड़ी में सवार चार आरोपी नशे में थे। गाड़ी के अंदर शराब की बोतल मिली हैं।
ई-रिक्शा चालक सोनू ने बताया कि वह करनाल से बजीदा की तरफ जा रहा था। रिक्शा में तीन सवारियां बैठी थीं। सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट कार को देखकर बचाव की कोशिश की लेकिन कार पीछे के हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा दो बार पलट गया। सवारियों को चोटें आईं।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयर बैग खुल गए और आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मकान मालिक ने बताया कि उनकी छोटी बेटी हादसे से दो मिनट पहले ही टॉयलेट से बाहर निकली थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। टक्कर के कारण मकान में दरार भी आ गई।
कार सवार लोगों को स्थानीय निवासियों ने पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शी राहगीर रिंकू, प्रदीप, सुरेश ने बताया कि कार सवारों को भी चोट लगी। आरोपियों ने भागने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने चारों को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना शहर प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि युवकों का मेडिकल करवाया जा रहा है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।