साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। अब एक और मामले में एक व्यक्ति से पहले चचेरे भाई की फेसबुक आईडी से दस हजार रुपये ठगे जब उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है तो उसने अपने दस हजार रुपये वापस लेने के लिए फोन पे का हेल्प लाइन नंबर सर्च किया ताकि वह अपने दस हजार रुपये वापस ले सके लेकिन उसे इस हेल्प लाइन नंबर पर भी ठग ही मिला और उसने उससे बैंक की जानकारी लेकर 80808 रुपये उसके खाते से निकाल लिए। घरौंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पनौड़ी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि 19 जून को फेसबुक पर उसके चेचरे भाई सुमित की आईडी से रात को मैसेज आया कि मुझे रुपये चाहिए, मैं कहीं पर फंसा हुआ हूं। मैं उसकी बातों में आ गया और मैंने उससे मोबाइल नंबर मांगा जिसमें रुपये डालने थे। मैंने उस नंबर पर पहले एक रुपये डालकर पता किया। इसके बाद तुरंत दस हजार रुपये उस नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। फिर मैसेज आया कि दस हजार रुपये और भेज दो में दोपहर को 20 हजार रुपये दे दूंगा। तब मुझे शक हुआ, मैंने अपने चचेरे भाई को फोन किया तो उसने बताया कि फेसबुक हैक हो गया है। इसके बाद मैंने गुगल पर फोन पे का हेल्प लाइन नंबर सर्च मारा और उस मोबाइल नंबर पर कॉल की तो वहां उस व्यक्ति ने मेरे बैंक खाते की जानकारी ले ली और एक ओटीपी भेज दिया। जब मैंने वह ओटीपी उसे बताया तो उसने भी 80808 रुपये काट लिए। इसके बाद मैंने बैंक के नंबर पर कॉल कर खाते को बंद कराया।