करनाल। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों और राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालयों में आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। 16 अप्रैल को ड्राॅ निकाला जाएगा। प्रतीक्षा सूची 22 अप्रैल को जारी होगी। सीटें खाली रहने की अवस्था में दाखिले का दूसरा दौर 23 अप्रैल से शुरू होगा।
निदेशालय के मुताबिक, विद्यालय में उपलब्ध कमरों एवं अन्य ढांचागत सुविधाओं के मद्देनजर कक्षा छठी, नौंवी और 11वीं में भी दाखिले अन्य सभी कक्षाओं की तरह (कक्षा एक के अतिरिक्त) केवल सीटें रिक्त होने की अवस्था में ही किए जाएंगे। इन कक्षाओं में नए दाखिलों के लिए शिक्षण माध्यम की कोई बाध्यता नहीं है। नए या पुराने छात्र-छात्राओं के दाखिले उनकी प्राथमिकता के आधार पर अंग्रेजी या हिंदी किसी भी माध्यम में किए जा सकते हैं।
कक्षा 11वीं में दाखिले के संदर्भ में विद्यालय में पहले से पढ़ रहे विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जानी है। यदि विद्यालय को दोहरी पारी में संचालित करने की आवश्यकता होती है तो ऐसे में उन्हें अतिरिक्त सेक्शन बनाने की अनुमति प्रदान की जाती है। कुछ स्कूलों ने शुक्रवार को सीटों के अनुसार आवेदन आने पर उनके टेस्ट के आधार पर परिणाम जारी करके दाखिले के लिए कह दिया है। इसके बाद बची हुई सीटों पर 16 अप्रैल को ड्रॉ होगा।
पहली कक्षा में होगा सिर्फ अंग्रेजी माध्यम
राजकीय आदर्श संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा में प्रत्येक सेक्शन में अधिकतम छात्र संख्या 30 है और केवल अंग्रेजी माध्यम में पढ़ने के इच्छुक विद्यार्थियों को ही इस कक्षा में दाखिला मिलेगा। गत वर्ष की भांति इन विद्यालयों में कक्षा पहली में हिंदी माध्यम का सेक्शन नहीं होगा। मॉडल संस्कृति विद्यालय रेलवे रोड के प्रिंसिपल महेंद्र सिंह के अनुसार, सीटों की संख्या विद्यालय में उपलब्ध ढांचागत सुविधाओं, अध्यापकों की संख्या तथा सीबीएसई नोर्मस के अनुसार ही तय होंगी। सभी कक्षाओं में सेक्शन (अनुभाग) की संख्या संबंधित एसएमसी द्वारा विद्यालय में उपलब्ध ढांचागत सुविधाओं के मददेनजर निर्धारित की जाएगी और ड्राॅ के लिए उपलब्ध करवाई जाएगी।
ये हैं निर्देश
- शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12 (1) (सी) के तहत आरक्षण भी दिया जाएगा।
- पंजीकरण अंशदान केवल एक बार लिया जाना है। गत वर्षों से दाखिल विद्यार्थियों से किसी तरह का पंजीकरण अंशदान नहीं लिया जाएगा।
- विद्यालय में नए दाखिले के लिए ही एकमुश्त पंजीकरण अंशदान लिया जाना है।
वन क्लासरूम वन टीचर व्यवस्था होगी लागू
पूर्व में जारी निर्देशानुसार 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले और दिव्यांग विद्यार्थियों से विद्यालय विकास निधि नहीं ली जाएगी। वन क्लासरूम वन टीचर व्यवस्था लागू की जाएगी। छात्र अध्यापक अनुपात के अनुसार ही कमरे निर्धारित किए जाएंगे। प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में बालवाटिका कक्षा को आरंभ करना अनिवार्य है, इसके लिए नामांकन किया जाएगा। बालवाटिका में अभी फीस नहीं ली जाएगी। बालवाटिका में बच्चों के सेक्शन की अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं है।
दाखिले के लिए आवश्यक दस्तावेज
जन्म प्रमाणपत्र, आंगनबाड़ी अभिलेख, माता-पिता अथवा संरक्षक का आयु के लिए शपथ पत्र जरूरी है। रिहायश प्रमाणपत्र आधार कार्ड/परिवार पहचान पत्र। आवेदन का फार्म विभाग द्वारा पहले से ही तैयार किये गए आवेदन फार्म पर ही भरना होगा। यह आवेदन फार्म स्कूल द्वारा अभिभावकों को नि:शुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। किसी भी बच्चे को दस्तावेज के अभाव में दाखिले से वंचित नहीं किया जाएगा। बच्चे को अस्थाई दाखिला देकर 30 दिन का समय प्रदान किया जाएगा। यदि आरक्षित सीटों के लिए समुचित संख्या में आवेदन नहीं आते हैं तो इन सीटों को सामान्य श्रेणी से भरा जाएगा।
विद्यालय विकास निधि
एक मुश्त पंजीकरण अंशदान
- 500 रुपये कक्षा पहली से पांचवीं
- 1000 रुपये कक्षा छठी से 12वीं
मासिक अंशदान
रुपये
कक्षा
250
4 से 5
300
6 से 8
400
9 से 10
500
11 से 12
वर्जन
राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालयों में आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब 16 अप्रैल को ड्राॅ निकाला जाएगा। प्रतीक्षा सूची 22 अप्रैल को जारी की जाएगी।
- सुदेश ठुकराल, जिला शिक्षा अधिकारी