सरकारी कॉलेजों में दाखिले से वंचित विद्यार्थी अंतिम कट ऑफ लिस्ट का इंतजार कर रहे थे लेकिन अंतिम कट ऑफ भी कई विद्यार्थियों को राहत नहीं दिला सकी। पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय की फिजिकल प्रजेंस के बाद लगी फाइनल कट ऑफ लिस्ट भी औसतन सभी विषयों में 75 प्रतिशत से ऊपर रही है। इस बार बीकॉम से ज्यादा नॉन मेडिकल में दाखिलों को लेकर विद्यार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिली है।
कॉलेज में बीएससी नॉन मेडिकल के दाखिलों के लिए जनरल कैटेगरी की तीनों कट ऑफ 80 प्रतिशत से ऊपर रही हैं। वहीं फिजिकल प्रजेंस के आधार पर दाखिला का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों को भी ज्यादा राहत नहीं मिली है। महाविद्यालय की ओर से सोमवार को फाइनल कट ऑफ लिस्ट जारी की गई है। इसमें बीएससी नॉन मेडिकल की ऑल इंडिया कैटेगरी की कट ऑफ 80.4 प्रतिशत पर रुकी है। जनरल व अन्य श्रेणी की कट ऑफ में कुछ प्वांइटों का अंतर दिखाई दिया है, लेकिन ज्यादातर विषयों की कट ऑफ में कोई ज्यादा अंतर दिखाई नहीं दिया है। ऐसे में दाखिले इंतजार में बैठे हजारों विद्यार्थियों के अरमानों पर पानी फिर गया है। राजकीय महाविद्यालय की फाइनल कट ऑफ जारी होते ही शहर के एडिड व प्राइवेट कॉलेजों में दाखिलों के लिए विद्यार्थियों की भीड़ जुटने लगी है। इससे अब उन कॉलेजों में खाली सीटों पर दाखिले के लिए मारामारी शुरू हो गई है।
राजकीय कॉलेजों में कम अंकों की वजह से पिछड़ने वाले विद्यार्थियों के लिए इन कॉलेजों में दाखिला लेना भी उतना आसान नहीं है। क्योंकि दयाल सिंह, डीएवी व महिला डीएवी जैसे कॉलेजों में 80 प्रतिशत से अधिक सीटों पर एडमिशन हो चुके हैं। ऐसे में कम अंक प्रतिशत वाले विद्यार्थियों को इन कॉलेजों में दाखिला मिलना भी मुश्किल लग रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को शहर के प्राइवेट कॉलेजों की तरफ रुख करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।
पंडित चिरंजीलाल शर्मा कॉलेज की फाइनल कट आफ
कक्षा ऑल इंडिया हरियाणा ओेपन बीसी-ए बीसी-बी एससी इबीसी
बीएससी कंप्यूटर 73.0 78.6 66.8 60.4 59.2 61.0
बीएससी नॉन मेडिकल 80.4 73.2 65.4 64.0 60.8 61.2
बीएससी बायोटेक 54.2 ---- ---- ---- ----- -----
बीएससी मेडिकल 77.4 69.4 68.8 66 66.4 ----
बीए 76.2 65.8 63.2 53.0 63.2 51.8
बीकॉम 75.8 70.6 68.6 63.8 65.0 56.6
बीसीए 66.6 52.2 55.4 61.6 53.6 61.0
बीटीएम 62.6 52.0 ----- ----- ----- -----
बीएएमसी 52.8 ----- ----- ---- ----- ----
--------
वर्जन
राजकीय महाविद्यालयों में कुछ प्रोफेशनल कोर्स को छोड़कर अन्य सभी कोर्स की सीटें भर चुकी हैं। फाइनल कट ऑफ में आने वाले विद्यार्थियों को जल्द से जल्द एडमिशन लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद एक और वेटिंग लिस्ट भी लगाई जाएगी। इसमें यदि कोई सीट खाली रहती है तो उस पर वेटिंग स्टूडेंट को एडमिशन दिया जाएगा।
- डॉ. प्रवीण भारद्वाज, कार्यवाहक प्राचार्य पंडित चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय करनाल।