माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। महानिदेशक, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग पंचकूला को भेजी गई शिकायत में विभाग के लेखाकार कप्तान सिंह ने अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि डिपू होल्डरों और कुछ अफसरों की मिलीभगत से विभाग में घोटालों को अंजाम दिया जा रहा है। इनमें उनको आरोपी बनाया जा रहा है। उन्हें मानसिक और जातीय तौर पर परेशान किया जा रहा है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के नियंत्रक मुकेश कुमार का कहना है कि घोटाले के सभी मामलों की गहनता से जांच कराई जाएगी। इसके लिए अभी से कमेटी गठित कर दी गई है। जिस सीट पर कप्तान काम कर रहे हैं वह सीट भी उन्हें पहले से दी गई है। फिलहाल वर्क लोड भी ज्यादा है। इस मामले में जल्द सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
महानिदेशक, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग पंचकूला को भेजी गई शिकायत में विभाग के लेखाकार कप्तान सिंह ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 तक डिपोधारकों को कमीशन जारी करने के लिए कुछ डिपो होल्डरों और कुंजपुरा सेंटर के दो अधिकारियों ने उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगवाए। उन्होंने कुंजपुरा केंद्र पर कार्यरत अधिकारियों की अनियमितताओं और डिपोधारकों के खातों में गलत एंट्री डालने की शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया है कि 18 जुलाई, 2025 को उन पर दबाव बनाने के लिए एक अन्य कर्मचारी की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक ले जाया गया। झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की गई। उन्हें करीब चार माह तक मानसिक तनाव झेलना पड़ा। अक्तूबर, 2025 को उन्हें वापस कन्फैड में अकाउंटेंट तो लगाया लेकिन चार्ज नहीं दिया।
गबन को दबाने की कोशिश
कप्तान सिंह का आरोप है कि वर्ष 2018-19 के दौरान वितरण शाखा में करीब 85 लाख रुपये के गबन को अधिकारियों ने दबाने की कोशिश की। डिपोधारकों की मिलीभगत से राशन वितरण में भी भारी गड़बड़ी हुई। आरोप उन पर लगाए गए जबकि उन्होंने गबन की गई काफी राशि की रिकवरी तक कराई। फर्जी बिलों और रिकॉर्ड में हेरफेर कर सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया लेकिन अधिकारियों ने तो जून, 2023 के बाद मामले को दबा दिया। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।