संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कुंजपुरा गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक पर छापा मारा। यहां बिना किसी वैध डिग्री के कैथल की एक महिला क्लीनिक चला रही थी।
विभाग की टीम ने महिला को पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि क्लीनिक को सील करते हुए वहां मिले उपकरणों व दवाइयों को कब्जे में ले लिया है।
सीएचसी कुंजपुरा के एसएमओ डॉ. संदीप अबरोल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव कुंजपुरा में एक महिला बिना किसी लाइसेंस व मेडिकल डिग्री के क्लीनिक चला रही है। सूचना पर टीम का गठन किया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में सेक्टर-16 पॉलीक्लीनिक एसएमओ डॉ. नीरू, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर विकास राठी शामिल थे। टीम ने क्लीनिक पर पहुंचकर देखा तो वहां महिला शशीबाला निवासी गांव संतोख माजरा, कैथल मिली।
महिला से डिग्री दिखाने को बोला तो वह कोई डिग्री या लाइसेंस नहीं दिखा पाई। वहीं जिस जगह पर क्लीनिक चलाया जा रहा था, वह भी महिला ने किराए पर ली है। डॉ. ओबरोल ने बताया कि महिला अवैध रूप से लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रही थी।
जांच में पाया कि क्लीनिक से 27 तरह की एलोपैथी दवाइयां, तीन मेडिकल उपकरण मिले हैं। इन्हें सील करके कब्जे में ले लिया है।
एसएमओ डॉ. संदीप ओबरोल की शिकायत पर कुंजपुरा थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।