माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। गर्मी की छुट्टियों में घूमने थाईलैंड, वियतनाम, यूरोप और मलयेशिया सहित अन्य जगहों पर गए शिक्षकों को विभाग ने 10 दिन में वापस लौटने की चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि यदि वे 30 जून तक वापस नहीं लौटे तो उन पर कार्रवाई हो सकती है।
इस बार छुट्टियों में ज्यादातर शिक्षक थाईलैंड, यूरोप, वियतनाम, सिंगापुर और स्विट्जरलैंड गए हैं। करनाल जिले की बात करें तो यहां से 72 शिक्षकों ने शिक्षा विभाग से मई माह में विदेश जाने की अनुमति मांगी थी। इन्हें विभाग की ओर से विशेष हिदायतों के साथ अनुमति दी गई थी। विदेश गए शिक्षकों में कुछ थाईलैंड, सिंगापुर और कनाडा पहुंचे हुए हैं। गर्मी के टूर के अलावा कुछ शिक्षक विदेश में रह रहे परिवार के सदस्यों से मिलने गए हैं।
शिक्षकों के अलावा अन्य लोग भी विदेश टूर पर गए हैं। इधर, भारत में इस बार कश्मीर के बजाय ज्यादातर लोग हिमाचल घूमने जा रहे हैं। टूर एंड ट्रैवल कंपनी संचालकों का कहना है कि पहलगाम हमले को दो माह का समय बीत चुका है, फिर भी लोग कश्मीर जाने से बच रहे हैं। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार कश्मीर जाने वालों की संख्या काफी कम है। गत पांच वर्षों में हर साल मई और जून माह में करीब चार से पांच हजार लोग कश्मीर जाते थे। इस बार यह संख्या आधे से भी कम है। इससे कंपनी संचालकों को नुकसान उठाना पड़ा है।