संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। पश्चिमी यमुना नहर में एक युवती के कूदने पर उसे बचाने उतरे सिंचाई विभाग के सफाईकर्मी बलकार की डूबने से मौत हो गई। हालांकि युवती को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस की टीम माैके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। बलकार सिंह मूल रूप से सोनीपत जिले के बुटाना गांव निवासी हैं।
सिंचाई विभाग के कर्मचारी नरवैर सिंह ने बताया कि सोनीपत के बुटाना गांव निवासी बलकार सिंह इंद्री के विश्रामगृह में कई वर्षोँ से सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। दोपहर के भोजन के बाद बलकार बाहर निकले थे। इसी दाैरान पुल के ऊपर से एक युवती ने नहर के अंदर छलांग लगा दी। बलकार ने साथियों को पुकारा और नहर की ओर दौड़ा। युवती को बचाने के लिए वह पानी में उतर गए, लेकिन पानी की तेज धारा में डूब गए। सहकर्मी ने भी छलांग लगाई पर गहराई और बहाव के कारण बलकार को नहीं बचा पाए। युवती को किसी अन्य ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन बलकार की डूबने से माैत हो गई।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इंद्री थाना पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सफाईकर्मी के शव को बाहर निकालवाया। इंद्री थाना के जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को साैंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।