माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रामनगर क्षेत्र में वीरवार सुबह आठ बजे एक मकान के बाहर गुब्बारे भरने के लिए रखा नाइट्रोजन गैस का सिलिंडर फट गया। इससे मकान की चौखट और दरवाजे उखड़ गए। वहीं घर के बाहर गली में खड़ी दो कार और तीन मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। धमाके की आवाज से कॉलोनी में सो रहे लोग सहम गए और बाहर की तरफ भागे। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान और गली में कोई नहीं था। हादसे के बाद लोगों ने हंगामा किया। मकान के बाहर लगे सीसीटीवी में हादसे की तस्वीरें कैद हुई हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। रामनगर थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि चंद्रपाल गुब्बारे बेचने का काम करता है, इसी काम में नाइट्रोजन गैस का इस्तेमाल किया जाता है। गुब्बारे वाले चंद्रपाल ने नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया है।
लोगों ने बताया कि अचानक धमाके की आवाज सुनकर जब वे घरों से बाहर निकले तो नाइट्रोजन का सिलिंडर फट चुका था और गली में कांच के टुकड़े बिखरे हुए थे। जिस घर के बाहर सिलिंडर रखा था, उसका मुख्य दरवाजा भी धमाके से उखड़कर दूर जाकर गिर गया। उन्होंने गुब्बारा फुलाने वाले को क्षेत्र से बाहर कराने की मांग की है। स्थानीय निवासी रेखा व हरी ने कहा कि गुब्बारे फुलाने का काम करने वाले चंद्रपाल को पहले भी मना किया गया था। लोगों ने बताया कि मकान मालिक को भी कई बार चेताया गया कि यह काम रिहायशी इलाकों में खतरनाक हो सकता है, लेकिन किसी ने बात नहीं मानी। गली में पीएनजी की गैस पाइपलाइन भी बिछी हुई है।
घर पर तैयार की जाती है गैस
चंद्रपाल ने बताया कि नाइट्रोजन गैस वे घर पर ही तैयार करते हैं। कैमिकल को सिलिंडर में भरा जाता है। पिछले करीब 10 साल से वे यह काम कर रहे हैं। कभी हादसा नहीं हुआ। चंद्रपाल बैरक नंबर-13 में किराये पर रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शी रेखा ने बताया कि वह सुबह घर के बाहर झाड़ू लगा रहीं थी और कचरा फेंकने गई थी कि अचानक धमाका हुआ। महिला ने बताया कि यदि वे कुछ क्षण और वहां होतीं तो जान भी जा सकती थी।
अब तक हादसे से संबंधित किसी की ओर से शिकायत नहीं दी गई है। यदि शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गुब्बारा फुलाने वाले चंद्रपाल ने नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया है। पड़ोसियों ने उन्हें यहां काम न करने की अपील की है। - महावीर सिंह, प्रभारी, रामनगर थाना