संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। करनाल रेलवे स्टेशन पर पिछले कुछ दिनों से बंदरों का एक बड़ा झुंड घूम रहा है, जिसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही हैं। प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर के बाहर और यहां तक कि वेटिंग एरिया के आसपास भी बंदर घूमते रहते हैं। कई बार ये यात्रियों से सामान छीन लेते हैं और मौका मिलने पर हमला भी कर देते हैं, जिससे कई बार यात्री घायल हो गए हैं।
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों का कहना है कि शाम के समय बंदरों का झुंड अचानक सक्रिय हो जाता है और यात्रियों के बैग, पर्स, चश्मा और मोबाइल तक छीनने की कोशिश करते हैं। कुछ दिन पहले बंदरों के झुंड ने एक महिला पर हमला कर घायल भी किया था। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन को इस समस्या पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। लोगों ने जल्द से जल्द इन बंदरों को यहां से भगाने की मांग की है।
- दुकान पर ग्राहकों से छीन लेते सामान
स्टेशन पर चाय की दुकान चलाने वाले संजय कुमार का कहना है कि बंदर दुकान के ऊपर बैठ जाते हैं और जैसे ही कोई ग्राहक कुछ खाने की चीज खरीदता है, ये झपट्टा मार देते हैं। इसके अलावा कई बार दुकान से सामान भी उठाकर ले जाते हैं।
- सामान छीनने के लिए मार रहे झपट्टा
स्टेशन पर खड़े एक यात्री विजय मलिक ने बताया कि वह ट्रेन का इंतजार कर रहे थे तभी कुछ बंदरों ने उनका सामान छीनने की कोशिश की। बंदरों ने उन पर झपट्टा भी मार दिया। आसपास के लोगों के भगाने पर बंदरों ने सामान छोड़ दिया।
- कई यात्री हो चुके हैं घायल
करनाल से दिल्ली जा रहे यात्री रामपाल ने बताया कि ये बंदर यात्रियों का बैग व अन्य सामान छीन लेते हैं। कई बार लोग इन्हें हटाने की कोशिश करते हैं तो ये बंदर उन्हें काटने के लिए पीछे दौड़ पड़ते हैं। इनके हमले से कई बार यात्री घायल भी हो चुके हैं।