करनाल। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की प्रतिस्पर्धा में करनाल का नाम शामिल होने पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने इसे शहर के लिए गौरव का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिस्पर्धा में भागीदारी स्वच्छता के प्रति शहर की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों को दर्शाती है। हालांकि, बेहतर प्रदर्शन के लिए अब नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करना, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना और कूड़े का उचित निस्तारण दैनिक आदतों में शामिल करना होगा।
महापौर ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से करनाल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया। रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि उनके महापौर कार्यकाल में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र विकसित करने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए कई पहल की गईं।
सिर्फ रैंकिंग नहीं, बेहतर जीवन सुविधाएं भी लक्ष्य
महापौर ने कहा कि करनाल को केवल स्वच्छता में ही नहीं, बल्कि यातायात व्यवस्था, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, जल निकासी, हरित क्षेत्रों और डिजिटल नागरिक सेवाओं में भी आगे बढ़ाना होगा। स्मार्ट शहर का अर्थ केवल बड़ी परियोजनाएं और आधुनिक इमारतें नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, सुगम आवागमन और बेहतर जीवन सुविधाएं देना है।