तरावड़ी। आम तौर पर हर मसले पर राजनेता अलग-अलग राय रखते हैं। परंतु तरावड़ी में डिग्री कॉलेज की मांग पर सभी नेताओं की राय एक ही है। इनका कहना है कि तरावड़ी में कॉलेज हर हाल में बनान चाहिए। यह समय की जरूरत है तो इलाके के बच्चों की शिक्षा के लिए बेहद जरूरी भी। इसके लिए नेताओं ने अपने-अपने स्तर पर सरकार तक आवाज पहुंचाने की बात कही है। शहर में कॉलेज बनाने की मांग ने जिस तरह से जोर पकड़ा है, इसके बाद एक-एक करके सामाजिक संस्थाएं, व्यापारी वर्ग, राजनेता इसके समर्थन में जुट रहे हैं। अब विधानसभा क्षेत्र से विभिन्न पार्टियों की टिकट पर चुनाव लड़ने की आस लगाए बैठ राजनेता और वर्तमान विधायक भी शहर के लोगों की इस मांग से सहमत हैं। इनका मानना है कि यदि सरकार ने जल्द ही कॉलेज निर्माण को मंजूरी नहीं दी तो आने वाले विधानसभा चुनाव के बाद यह मुद्दा बन सकता है। इस बार शहर की जनता भी वोट मांगने के लिए आने वाले उम्मीदवारों से कॉलेज के बारे में सवाल करने के लिए तैयार नजर आ रही है। नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे राजनेताओं को भी शायद यह बात समझ आ चुकी है। इस बारे में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने अपने विचार रखे।
कॉलेज के लिए करूंगा भरपूर प्रयास
कॉलेज के मुद्दे पर नीलोखेड़ी से इनेलो विधायक मामूराम गाेंदर ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक भी डिग्री कॉलेज नहीं है और युवाओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। तरावड़ी में कॉलेज बने, वह उनकी प्राथमिकताओं में है और यही कारण है कि विधानसभा सत्र में वे इस मामले को उठा चुके हैं। उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान कॉलेज की मांग उठाते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इलाके की जनता के तरावड़ी में कॉलेज बनाने के उनके वायदे को भी याद दिलाया था लेकिन मुख्यमंत्री ने उनकी मांग अनसुनी कर दी।
कॉलेज से युवाओं को होगा लाभ
पूर्व मंत्री मीना मंडल ने कहा कि तरावड़ी में कॉलेज बनाना जरूरी है क्याेंकि यह विधानसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा कस्बा है और कॉलेज बनाने के लिए जमीन भी नगरपालिका पहले ही उपलब्ध करा चुकी है। तरावड़ी में कॉलेज जरूर बनेगा और वह इसके लिए अपनी ओर से पूरे प्रयास करेंगी। उन्हाेंने इस मामले को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलने की भी बात कही। तरावड़ी में कॉलेज बनने के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त करने वालों की संख्या में भारी इजाफा होगा और क्षेत्र के युवा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद देश व प्रदेश की प्रगति में अपना ज्यादा सहयोग दे सकेंगे।
सत्ता मिली तो भाजपा बनाएगी कॉलेज
भारतीय जनता के पार्टी के भगवान दास कबीरपंथी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने हमेशा ने हमेशा तरावड़ी की उपेक्षा की। इसके कारण आज तक एक कॉलेज शहर में नहीं बन पाया। क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री द्वारा कॉलेज बनाने में वादाखिलाफी का मजा 2009 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को पटखनी देकर चखा चुकी है। यदि समय रहते मुख्यमंत्री ने तरावड़ी में कॉलेज बनाने की घोषणा नहीं की तो आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त होना लाजिमी है। यदि क्षेत्र की जनता ने गठबंधन प्रत्याशी को मौका दिया तो सरकार बनने के पहले ही साल में तरावड़ी में कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा।