कैथल। गांव दिल्लोंवाली निवासी ट्रक चालक का शव पाड़ला-छौत मार्ग पर स्थित एक खेत में पड़ा मिला। युवक की गर्दन पर रस्सी के निशान सहित शरीर पर भी चोटें लगी हुई हैं। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जिले में अपराध का ग्राफ एकदम बढ़ गया है। दस दिनों में तीसरी हत्या से जिला थर्रा गया है। इनमें से एक मामले में पुलिस ने हत्या आरोपी को काबू करने में सफलता पाई है। वहीं कांग्रेस नेता के मामले में अबतक हाथ खाली हैं।
गांव दिल्लोंवाली निवासी ट्रक चालक दर्शन सिंह रविवार सुबह घर से काम पर गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। रात भर कोई जानकारी नहीं मिल पाई। सुबह गांव पाड़ला-छौत सड़क के किनारे खेतों में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव की शिनाख्त करवाई तो वह गांव दिल्लोंावाली वासी दर्शन सिंह का मिला। उसके गले में रस्सियों के निशान थे और शरीर के अन्य अंगों पर भी चोटें लगी हुई थीं। बाद में उसके परिजनों को सूचित किया गया। मृतक के पिता अमृत लाल ने बताया कि उनका बेटा रविवार को घर से काम पर गया था। उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्हें किसी पर शक नहीं है।
एसएचओ सदर महाबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता अमृत लाल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। लग रहा है कि युवक की हत्या कहीं और करके शव यहां फेंका गया है।
दस दिनों में तीसरे मर्डर से जिले में लोग खौफजदा हो गए हैं। हालांकि पुलिस ने ज्योति मर्डर कांड में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन कांग्रेसी नेता जीता पहलवान की हत्या के मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। अब तीसरे हत्या के मामले के बाद पुलिस की सिरदर्दी बढ़ती नजर आ रही है।
एसपी कुलदीप सिंह के मुताबिक पुलिस द्वारा सभी मामलों में तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। शीघ्र ही इन मर्डर के मामले में शेष आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।
मार्च में हुई प्रमुख अपराधिक घटनाएं
4 मार्च, पुलिस के हत्थे चढ़ा नकली नोटों का धंधेबाज
5 मार्च, कुकर्म के आरोपी ने घर मेें की खुदकुशी
6 मार्च, स्नेचरों ने हुडा में घर के सामने खड़ी महिला से चेन झपटी
8 मार्च, साढ़े तीन लाख के नकली नोट बरामद
10 मार्च, गांव भागल में शादी में आए व्यक्ति को नशा देकर लूटा
24 मार्च, ढांड के पंचमुखी चौक पर वृद्धा को लिफ्ट देकर चेन छीनी
20 मार्च, जिले में अलग-अलग स्थानों से ट्रक व ट्रांसफार्मर सामान चोरी
19 मार्च, शहर में सरेबाजार महिला का पर्स छीना
26 मार्च, निजी स्कूल की शिक्षिका ज्योति का मर्डर
28 मार्च कांग्रेस के खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जीता पहलवान की हत्या
इसके अलावा लाखों रुपये के ट्रांसफार्मर और अन्य सामान चोरी की घटनाएं की छोटी-छोटी घटनाएं।