Xकैथल। लंबे समय के बाद धान की बासमती किस्म रंग में दिख रही है। चालू सीजन में सोमवार को परंपरागत बासमती धान ने 3300 रुपये प्रति क्विंटल के आंकडे़ को पार कर लिया। बासमती करीब 3350 रुपये प्रति क्विंटल बिकी। इसके साथ ही बासमती ग्रुप में शामिल धान की 1121 किस्म भी 2700 से चढ़कर 2900 रुपये प्रति क्विंटल और डुप्लीकेट बासमती भी 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी।
किसान रमेश कुमार, संजय, कृष्ण कुमार, रामदिया, सत्यवान, राजेश कुमार, बारू राम चंदाना, राजेश चंदाना ने बताया कि लंबे समय बाद बासमती धान ने यह कीमत हासिल की है। तीन साल से बासमती ग्रुप काफी पिट रहा था जिस कारण किसानों का इस किस्म की ओर से मुंह ही मुड़ने लगा था। इस बार फिर से किसानों ने बासमती उगाकर रिस्क लिया था जो उम्मीद पर खरा उतरने जा रहा है।
बासमती धान के चावल का ही अधिकतर देशों में निर्यात होता है। निर्यातकों पर ही इस धान की कीमत निर्भर रहती है। बासमती पिछले वर्ष 2200 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल तक ही बिका था लेकिन इस बार सीजन की शुरुआत से ही करीब 3000 रुपये रेट होने के कारण किसानों को अपना खर्च पूरा होता नजर आ रहा है। नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश मित्तल ने बताया कि सोमवार को बासमती धान ने 3300 रुपये प्रति क्विंटल को भी पार कर लिया जो किसानों के लिए अच्छी बात है। इसी प्रकार से धान की 1121 किस्म भी 2700 रुपये से बढ़कर 2900 रुपये तक जा पहुंची। डुप्लीकेट बासमती भी 2500 से 2700 रुपये प्रति क्विंटल बिकी।
ढांड मंडी में जोर-शोर से बिक्री
ढांड। अनाज मंडी में बासमती और 1121 धान की आवक पूरे यौवन पर है और मंडी में चारों तरफ धान के अंबार लगे पड़े हैं। धान खरीद के साथ ही लदान का कार्य भी सुचारु रूप से चल रहा है। बासमती धान के भाव में उछाल निरंतर जारी है और किसान बासमती धान के उचित भाव मिलने से खुश हैं। सोमवार को मंडी में बासमती धान प्रति क्विंटल 3305 और 1121 धान प्रति क्विंटल 2860 बिका। किसानों का कहना है कि बासमती धान के सही रेट मिलने से किसानों को काफी राहत मिली है। ढांड मार्केट कमेटी के सचिव भीम सिंह ने कहा कि मंडी मेें धान की नियमित रूप से बोली हो रही है।