नेशनल हाईवे-44 पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने HRTC की शिमला डिपो की बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची समेत करीब आठ लोग घायल हो गए। बस चालक सतपाल, परिचालक आशीष सोनी और बच्ची के सिर में कई जगह चोटें आई हैं। बस चालक सतपाल ने बताया कि जैसे ही उन्होंने फ्लाईओवर पार कर एचपी पेट्रोल पंप के सामने एक सवारी को उतारकर बस को आगे बढ़ाया तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह अंदर धंस गया। डिक्की में रखे यात्रियों के सूटकेस क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक यात्री का सूटकेस अंदर फंस गया। डंपर का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
डंपर चालक विकास ने बताया कि वह इंद्री से रेता लादकर रोहतक जा रहा था और बस के अचानक ब्रेक लगाने से वह अपने वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। उनका कहना है कि हादसे के बाद बस में सवार कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट और हाथापाई करके उसके करीब 10 हजार रुपये भी छीन लिए।