नीलोखेड़ी के वार्ड-8 की गली में दो बच्चों सहित चार लोगों पर पालतू बुली (मिक्स ब्रीड) कुत्ते ने हमला कर दिया। 12 साल के अनमोल के सिर और पैर से इतना मांस नोंचा कि हड्डियां दिखाई देने लगीं। अनमोल को बुधवार को मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। दूसरे बच्चे इक्का और अन्य दो घायलों श्रवण व कृष्णा का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कुत्ते को मार डाला। मामले में नीलोखेड़ी चौकी में कुत्ता मालिक राजू पर केस दर्ज किया गया है।
लोगों का आरोप है कि राजू अक्सर कुत्ते को खुला छोड़ देता था। मंगलवार को भी ऐसा ही किया। कुत्ता गली में निकल आया। वहां खेल रहे अनमोल पर कुत्ते ने हमला कर दिया। पहले उसने टांग पकड़ी, फिर सिर और पीठ से मांस नोंचा। अनमोल की चीखपुकार पर मोहल्ले के लोग पहुंचे। इसी बीच कुत्ते ने दूसरे बच्चे इक्का पर हमला कर दिया। लोग बचाने के लिए आगे बढ़े तो श्रवण और कृष्णा पर कुत्ते ने हमला कर दिया। एक व्यक्ति के गुप्तांग को नोंच डाला। बता दें कि कुत्ते के हमले की घटनाएं बढ़ गई हैं। गौरतलब है कि अंबाला में 27 जुलाई को दस कुत्तों ने सात साल के बच्चे पर हमला किया था। कुत्ते उसके आधे सिर की खाल खा गए थे।