करनाल। कर्णनगरी के औद्योगिक क्षेत्र में विकास की नई बयार बहने जा रही है। लंबे समय से जर्जर सड़कों, टूटी पाइपलाइनों और अव्यवस्थित ढांचे से जूझ रहे औद्योगिक सेक्टर-3, 3-ए और एक्सटेंशन का जीर्णोद्धार किया जाएगा। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम ( एचएसआईआईडीसी) ने करीब 7.65 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।
इसके तहत सेक्टरों में पक्की सड़कें बनेंगी, पानी की पाइपलाइनें बदली जाएंगी और बेहतर जल निकासी प्रणाली तैयार की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार काम की शुरुआत जल्द कर दी जाएगी। शहर के इन औद्योगिक सेक्टरों की बदहाल स्थिति का मुद्दा अमर उजाला ने अपने नौ सितंबर के अंक में उठाया था। एचएसआईआईडीसी ने संज्ञान लिया और क्षेत्र के विकास की योजना बनाई। करीब 30 साल पहले बसे सेक्टर-3 में फिलहाल एक हजार औद्योगिक इकाइयां चल रही हैं। टूटी सड़कों, जलभराव, सफाई न होने और स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की समस्या है।
एचएसआईआईडीसी के जीएम गुलशन कुमार ने बताया कि परियोजना की डिजाइन तैयार कर ली गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उनका कहना है कि उद्देश्य केवल मरम्मत नहीं, बल्कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देना है।
औद्योगिक निवेश को मिलेगा नया आयाम
करनाल एसएसआईआईडीसी इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान मनोज अरोरा का कहना है कि यह सुधार परियोजना क्षेत्र में निवेश का माहौल मजबूत करेगी। नए निवेशक अब शहर की ओर रुख करेंगे। व्यापारियों के अनुसार, बेहतर सड़कें और आधुनिक सुविधाएं मिलने से यहां उत्पादन और परिवहन दोनों आसान होंगे।