अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। राजकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाल रांगड़ान की छात्रा प्रेरणा ने 64वीं नेशनल स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में रिले रेस में चौथा स्थान प्राप्त करके स्कूल व जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल लौटने पर प्रेरणा का प्रबंधन समिति, अध्यापकों और विद्यार्थियों की ओर से अभिनंदन किया गया। प्रेरणा को फूलमालाएं डालकर बधाइयां दी गईं।
इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि अब बेटियां खेलों में भी आगे निकल रही हैं। प्रेरणा की उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे ले जाने के लिए हमें अपनी सोच सकारात्मक रखनी चाहिए। स्कूल प्रबंधन का प्रयास रहता है कि शिक्षा के साथ-साथ हर क्षेत्र में छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाया जाए। प्रेरणा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय कोच सलीम और प्रदीप और स्कूल प्रबंधन समिति को दिया। वाइस चेयरमैन संदीप सिंह राणा ने कहा कि प्रेरणा से सभी छात्राओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रिंसिपल तनुजा सचदेवा ने कहा कि इससे पहले भी स्कूल के छात्र-छात्राएं खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ खेल सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाता है। इस मौके पर वाइस चेयरमैन संदीप सिंह राणा और स्कूल की प्रिंसिपल तनुजा सचदेवा सहित अध्यापक मौजूद रहे।